चयन समिति ने सर्वसम्मति से किया चयन, सम्मान स्वरूप 21 हजार रुपए, शॉल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा
अलवर। प्रोफेसर जुगमंदिर तायल की स्मृति में प्रतिवर्ष प्रदान किया जाने वाला जुगमंदिर तायल स्मृति सम्मान इस वर्ष प्रसिद्ध वैज्ञानिक एवं शायर गौहर रज़ा को दिया जाएगा। साहित्यकार जीवन सिंह मानवी की अध्यक्षता में गठित चयन समिति ने सर्वसम्मति से गौहर रज़ा के नाम का चयन किया है।
चयन समिति में पूर्व प्राचार्य नीलाभ पंडित, डॉ. महेंद्र गुप्ता, प्रोफेसर भरत मीना और बालिका शिक्षा अभियान से जुड़े नूर मोहम्मद सदस्य के रूप में शामिल रहे।
मानवीय मूल्यों और वैज्ञानिक दृष्टि के लिए सम्मान
चयन समिति के अध्यक्ष जीवन सिंह मानवी ने बताया कि प्रगतिशील साहित्यकार, शिक्षक एवं सांप्रदायिक सद्भावना के लिए समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता प्रोफेसर जुगमंदिर तायल की स्मृति में इस सम्मान की शुरुआत 2025 से की गई थी।
उन्होंने बताया कि यह सम्मान ऐसे व्यक्ति को प्रदान किया जाता है, जिसका समाज, संस्कृति, साहित्य, लेखन, शिक्षा और राजनीति के क्षेत्र में संवैधानिक आदर्शों, मानवीय मूल्यों तथा वैज्ञानिक एवं तार्किक दृष्टि को स्थापित करने या उनके प्रसार में विशिष्ट योगदान रहा हो।
पिछले वर्ष प्रोफेसर मोहन श्रोत्रिय को मिला सम्मान
फाउंडेशन के अनुसार सम्मान की शुरुआत के अवसर पर पहला स्मृति सम्मान प्रोफेसर मोहन श्रोत्रिय को प्रदान किया गया था। चयन समिति ने गौहर रज़ा के वैज्ञानिक, साहित्यिक और सामाजिक योगदान को सम्मान की कसौटियों के अनुरूप मानते हुए उनका चयन किया है।
समिति अध्यक्ष जीवन सिंह मानवी ने कहा कि वैज्ञानिक एवं शायर गौहर रज़ा का वैज्ञानिक सोच, साहित्य और मानवीय मूल्यों के प्रसार की दिशा में उल्लेखनीय योगदान रहा है। इसी आधार पर उन्हें इस वर्ष के जुगमंदिर तायल स्मृति सम्मान के लिए चुना गया है।
21 हजार रुपए, शॉल और प्रशस्ति पत्र से होगा सम्मान
सम्मान के तहत गौहर रज़ा को 21 हजार रुपए की सम्मान राशि, शॉल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। फाउंडेशन की ओर से सम्मान समारोह की विस्तृत तिथि और कार्यक्रम संबंधी जानकारी अलग से साझा की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


