More
    Homeराजस्थानअलवरजैन चेतना रथ का भव्य स्वागत, भगवान की प्रतिमा का पूजन-अभिषेक कर...

    जैन चेतना रथ का भव्य स्वागत, भगवान की प्रतिमा का पूजन-अभिषेक कर मांगी खुशहाली

    मंगल गीतों और पुष्पवर्षा से रथ का हुआ अभिनंदन, विद्वान पंडित अंकित जैन ने अहिंसा व जियो और जीने दो का संदेश दिया

    लक्ष्मणगढ़। अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ कस्बे में रविवार दोपहर जैन चेतना रथ यात्रा का आगमन हुआ। रथ के नगर सीमा में पहुंचने पर जैन समाज के पदाधिकारियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने मंगल गीतों एवं पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया। रविवार शाम कस्बे में समाज की ओर से सामूहिक आरती की गई। सोमवार सुबह रथ में विराजमान तीर्थंकर भगवान महावीर की प्रतिमा का सामूहिक पूजन-अभिषेक और शांतिधारा आयोजित की गई। इस दौरान श्रावकों ने क्षेत्र और देश में सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

    भगवान महावीर के सिद्धांतों का प्रचार कर रही रथ यात्रा

    जैन चेतना रथ यात्रा का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में भगवान महावीर स्वामी के सिद्धांतों का प्रचार-प्रसार करना, जन-जन तक धर्म और अहिंसा का संदेश पहुंचाना तथा हरियाणा के कासन, गुरुग्राम में भगवान महावीर अनुसंधान केंद्र एवं गुरुकुल के निर्माण में आर्थिक सहयोग जुटाना है। यात्रा के संयोजक नागौर, राजस्थान के महिपाल पहाड़िया हैं, जबकि रथ संयोजक पंडित अंकित जैन शास्त्री हैं।

    पूजन-अभिषेक और शांतिधारा में शामिल हुए श्रावक

    सोमवार सुबह रथ में विराजमान भगवान महावीर की प्रतिमा का श्रावकों ने सामूहिक रूप से पूजन-अभिषेक किया। इसके बाद शांतिधारा और विशेष पूजा-अर्चना की गई। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं ने सभी के कल्याण, शांति और समृद्धि की कामना की। समाज के लोगों ने अनुसंधान केंद्र एवं गुरुकुल निर्माण के लिए अपनी श्रद्धानुसार दान भी दिया।

    अहिंसा और जियो और जीने दो का संदेश

    रथ यात्रा के साथ चल रहे विद्वान पंडित अंकित जैन शास्त्री ने धर्मसभा में भगवान महावीर के अहिंसा, करुणा और जियो और जीने दो के सिद्धांतों पर प्रवचन दिए। उन्होंने इन सिद्धांतों को जीवन में अपनाने और समाज में नैतिक चेतना विकसित करने का संदेश दिया।

    मुख्य मार्गों से निकला रथ, कठूमर के लिए हुआ रवाना

    जैन चेतना रथ को नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए स्थानीय दिगंबर जैन मंदिर तक ले जाया गया। सोमवार दोपहर रथ लक्ष्मणगढ़ से अगले पड़ाव कठूमर के लिए रवाना हो गया। इस अवसर पर जैन समाज के अध्यक्ष सुमेरचंद जैन, ज्ञान चेतना नवयुवक मंडल के अध्यक्ष धीरज जैन सहित समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here