जैन मंदिर में पंचामृत अभिषेक से लेकर चालीसा-आरती, निर्वाण लड्डू तक हुए धार्मिक आयोजन, महारक्तदान शिविर में 114 यूनिट रक्तदान
नौगांवा। नगरपालिका क्षेत्र के बस स्टैंड स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में बुधवार को जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ का निर्वाण महोत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। वहीं, वर्धमान ज्योति नवयुवक मंडल की ओर से आचार्य ज्ञान भूषण महाराज के सानिध्य में महारक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें 114 यूनिट रक्तदान हुआ।
महोत्सव का शुभारंभ प्रातःकाल भगवान पार्श्वनाथ के पंचामृत अभिषेक के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने दूध, दही, केसर, चंदन सहित विभिन्न द्रव्यों से भगवान का विधि-विधान से अभिषेक किया। इसके बाद पूजन एवं शांतिधारा का आयोजन हुआ। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान मंदिर परिसर भगवान पार्श्वनाथ के जयकारों से गूंज उठा।
23 किलो का निर्वाण लड्डू किया समर्पित
भगवान पार्श्वनाथ के निर्वाण महोत्सव के अवसर पर जैन महिला मंडल की ओर से भगवान को 23 किलोग्राम का निर्वाण लड्डू समर्पित किया गया। लड्डू अर्पित किए जाने के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान पार्श्वनाथ के जयकारे लगाए। इस दौरान मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा।
सायंकाल मंदिर में भगवान पार्श्वनाथ का चालीसा पाठ एवं आरती आयोजित की गई। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से चालीसा का पाठ किया और आरती में शामिल होकर भगवान की आराधना की।
महारक्तदान शिविर में 114 यूनिट रक्तदान
वर्धमान ज्योति नवयुवक मंडल के साहिल जैन ने बताया कि आचार्य ज्ञान भूषण महाराज के सानिध्य में महावीर वाटिका में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक महारक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन जीवन धारा ब्लड बैंक अलवर के सहयोग से किया गया।
रक्तदान शिविर में जैन समाज के साथ ही ग्रामवासियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रामीणों और समाजबंधुओं के सहयोग से कुल 114 यूनिट रक्तदान किया गया। रक्तदाताओं को आयोजन समिति की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान डॉक्टर कौस्तुभ शर्मा, मुंशीद खान, पुष्पेंद्र, अनिल, अजय, प्रिंस जैन, अंशु जैन, राहुल जैन, नितिन जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
धार्मिक आयोजन और रक्तदान शिविर ने भगवान पार्श्वनाथ के निर्वाण महोत्सव को धर्म, सेवा और सामाजिक सरोकार से जोड़ दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की भागीदारी से आयोजन सफल रहा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


