अलवर के उद्योग नगर क्षेत्र में ट्रक चालक का एटीएम कार्ड चोरी, खाते से निकाली गई रकम; पुलिस ने दर्ज किया मामला
अलवर। उद्योग नगर थाना क्षेत्र में ट्रक चालक के एटीएम कार्ड की चोरी कर उसके बैंक खाते से 70 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने का दावा किया गया है।
पुलिस के अनुसार रामगढ़ थाना क्षेत्र के बालोट नगर निवासी जाकरदीन पुत्र हनीफ खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 4 जुलाई को अपने 14 चक्का ट्रक (आरजे02जीसी1335) में डीजल भरवाने के लिए एनडीडी कंपनी परिसर पहुंचा था। ट्रक खड़ा कर वह वहां से चला गया।
अगले दिन जब वह ट्रक लेने पहुंचा तो वाहन की खिड़की खुली मिली और उसमें रखा एटीएम कार्ड गायब था। इसके कुछ ही समय बाद उसके मोबाइल पर बैंक खाते से लगातार नकदी निकाले जाने के संदेश आने लगे। जांच करने पर पता चला कि एटीएम कार्ड का दुरुपयोग कर खाते से कुल 70 हजार रुपये निकाल लिए गए।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। उसने फुटेज के आधार पर साजिद खान निवासी पिपरोली (अलवर) पर संदेह जताते हुए उसका मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है।
उद्योग नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


