डूंगरपुर के समग्र उत्थान के लिए सरकार प्रतिबद्ध, बेणेश्वर धाम के सौंदर्यीकरण पर विशेष फोकस
मिशनसच न्यूज, जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा देश का भविष्य और राजस्थान का गौरव हैं। युवाओं की ऊर्जा, परिश्रम और दृढ़ इच्छाशक्ति से ही विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के विकास में युवा शक्ति की भूमिका निर्णायक है, इसलिए सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के हर संभव अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर डूंगरपुर जिले से आए युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वागड़ अंचल के युवा उपस्थित रहे। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं की बात सुनी, उनके सुझाव लिए और सरकार की योजनाओं की जानकारी साझा की।
वागड़ क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार संकल्पित
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि वागड़ क्षेत्र आदिवासी बहुल क्षेत्र है, और सरकार आदिवासी समाज के सशक्तिकरण तथा समग्र उत्थान के लिए निरंतर निर्णय ले रही है। राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे वागड़ अंचल में भी विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि वागड़ का हर युवा शिक्षा, कौशल और रोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बने, ताकि यह क्षेत्र सामाजिक और आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त हो सके।
बेणेश्वर धाम के सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान का हरिद्वार कहे जाने वाला बेणेश्वर धाम एक ऐतिहासिक और आस्था का प्रमुख केंद्र है। देश-प्रदेश में इसकी विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक मान्यता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार बेणेश्वर धाम के संरक्षण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और सौंदर्यीकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान बेणेश्वर धाम के सौंदर्यीकरण को लेकर प्रस्तुतीकरण भी दिया गया, जिसमें विकास की प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी साझा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आस्था स्थलों के विकास से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
युवाओं के लिए रोजगार के बढ़ते अवसर
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राजस्थान में निवेश-अनुकूल नीतियों के चलते आईटी, उद्योग, स्टार्टअप और सेवा क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार के भरपूर अवसर मिल रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का हर युवा हुनरमंद बने और रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने।
उन्होंने कहा कि आदिवासी बहुल क्षेत्रों के युवाओं के सशक्तिकरण पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। वागड़ क्षेत्र के युवाओं से अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे कौशल प्रशिक्षण सीखें, तकनीक अपनाएं और नवाचार करें, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज के लिए प्रेरणा बन सकें।
नशे से दूर रहने की मुख्यमंत्री की अपील
मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि नशा परिवार तोड़ता है, करियर बर्बाद करता है और जीवन नष्ट कर देता है। यदि कोई मित्र नशे की ओर बढ़ रहा हो, तो उसे रोकना हर युवा की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस के सहयोग से नशामुक्ति अभियान चलाया जाना चाहिए। साथ ही युवाओं से सोशल मीडिया का सीमित और सकारात्मक उपयोग करने तथा भ्रामक खबरों से बचने की भी अपील की।
पेपरलीक मुक्त राजस्थान, 351 परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से संपन्न
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगातार ठोस निर्णय ले रही है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में एक लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जबकि 1 लाख 43 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि पांच वर्षों में निजी क्षेत्र में 6 लाख रोजगार अवसर उपलब्ध कराए जाएं, जिनमें से 2 लाख से अधिक अवसर अब तक प्रदान किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ कहा कि सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में एक भी पेपरलीक नहीं हुआ है और 351 परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई हैं। इससे राजस्थान अब पेपरलीक मुक्त प्रदेश बन चुका है, जो युवाओं के लिए विश्वास और पारदर्शिता का नया युग है।
नई युवा नीति से आगे बढ़ने के मिलेंगे अवसर
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सरकार मिशन मोड पर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत 18 से 45 वर्ष तक के युवाओं को ब्याज-मुक्त ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है।
इसके साथ ही नई युवा नीति लागू की गई है, जिससे शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और स्टार्टअप के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलेंगे।
राइजिंग राजस्थान एमओयू का लाभ वागड़ क्षेत्र को
मुख्यमंत्री ने बताया कि राइजिंग राजस्थान में हुए 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये के एमओयू धरातल पर उतर चुके हैं। इसका सीधा लाभ वागड़ क्षेत्र सहित प्रदेश के युवाओं को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि वागड़ क्षेत्र में रोजगार मेलों का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।
युवाओं में दिखा उत्साह
इस अवसर पर सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। संवाद कार्यक्रम में युवाओं में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली। युवाओं ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने विचार रखे और सरकार की योजनाओं की सराहना की।
प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को केंद्र में रखकर की जा रही योजनाएं निश्चित रूप से राजस्थान को शिक्षित, कौशलयुक्त और आत्मनिर्भर युवा शक्ति की ओर अग्रसर कर रही हैं। वागड़ अंचल के युवाओं के साथ यह संवाद कार्यक्रम सरकार और युवाओं के बीच विश्वास और सहभागिता को और मजबूत करने वाला साबित हुआ।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


