More
    Homeराजस्थानअलवरडॉ. सूरज प्रकाश जयंती पर स्टेशनरी वितरण, विद्यार्थियों को मिला शिक्षा का...

    डॉ. सूरज प्रकाश जयंती पर स्टेशनरी वितरण, विद्यार्थियों को मिला शिक्षा का संदेश

    अलवर में जयंती कार्यक्रम के दौरान लक्ष्य निर्धारण और संस्कारों पर दिया गया विशेष संदेश

    अलवर। भारत विकास परिषद् के संस्थापक डॉ. सूरज प्रकाश की जयंती के अवसर पर शनिवार को भारत विकास परिषद् अलवर एवं भारत विकास परिषद् अलवर चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में केशव आदर्श अध्ययन संस्थान एवं संस्कार केंद्र, अखैपुरा मोहल्ला, अलवर में स्टेशनरी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

    जयंती कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात भारत विकास परिषद् अलवर शाखा के अध्यक्ष गिरीश गुप्ता ने परिषद् की कार्यशैली एवं संस्थापक डॉ. सूरज प्रकाश के प्रेरणादायी जीवन पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन एवं अनुशासन के साथ अध्ययन करना चाहिए। उनका कहना था कि उच्च आदर्शों पर चलते हुए लक्ष्य निर्धारित करके बड़ी से बड़ी मंजिल भी आसानी से प्राप्त की जा सकती है।

    जयंती कार्यक्रम में भारत विकास परिषद् के पूर्व रीजन संरक्षक डॉ. के. के. गुप्ता ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा, अनुशासन एवं संस्कारों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा डॉ. सूरज प्रकाश के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

    इस अवसर पर परिषद् के कोषाध्यक्ष लोकेश गोयल के सहयोग से विद्यार्थियों को 100 कॉपियां, 40 पैकेट पेंसिल, 20 पैकेट रबर, 20 पैकेट शार्पनर सहित अन्य आवश्यक स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। साथ ही सभी बच्चों को बिस्कुट के पैकेट भी प्रदान किए गए।

    कार्यक्रम के दौरान भारत विकास परिषद् अलवर शाखा के विकास रत्न जिनेन्द्र जैन एवं उनकी धर्मपत्नी ज्योति सिन्हा ने विद्यालय परिवार को 300 चार लाइन वाली कॉपियां, 200 सादा कॉपियां, 200 ज्योमेट्री बॉक्स, 45 बॉक्स पेंसिल, 45 बॉक्स रबर तथा 45 बॉक्स शार्पनर भेंट करने की घोषणा की। यह सामग्री 12 जुलाई 2026 को भारत विकास परिषद् अलवर के स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर विद्यालय को सौंपी जाएगी।

    कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने केंद्र में संचालित महिला प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया तथा वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

    यह कार्यक्रम प्रकल्प प्रमुख रामचन्द्र अग्रवाल एवं जिला समन्वयक राधेश्याम के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

    इस अवसर पर पूर्व रीजन संरक्षक डॉ. के. के. गुप्ता, जिला समन्वयक राधेश्याम, भारत विकास परिषद् अलवर के अध्यक्ष गिरीश गुप्ता, सचिव अशोक कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष लोकेश गोयल, भारत विकास परिषद् अलवर चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रदीप गोयल, सचिव सुरेश मेठी, कोषाध्यक्ष दिलीप गोयल, अनिल गर्ग सहित परिषद् के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय की ओर से रत्ती राम, राकेश सहित अन्य शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here