जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
मिशनसच न्यूज, तिजारा। विधायक महंत बालकनाथ योगी ने तिजारा में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रकरणों के त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनसुनवाई में तिजारा सहित सम्पूर्ण विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे प्रमुख नागरिकों से क्षेत्रीय विकास को लेकर भी चर्चा की गई।
इससे पूर्व विधायक महंत बालकनाथ योगी सीएसआर फंड से जोड़ियां स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में नवनिर्मित पुस्तकालय भवन के भूमि पूजन कार्यक्रम में सहयोगकर्ता इंद्रजीत सिंह व अन्य गणमान्य नागरिकों के साथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि हमारा राष्ट्र विश्व गुरु इसलिए बना क्योंकि यहां नालंदा और तक्षशिला जैसे विश्वस्तरीय शिक्षा केंद्र थे, जिन्होंने पूरी दुनिया को ज्ञान का मार्ग दिखाया। बड़े शिक्षण संस्थानों की स्थापना और निर्माण में भामाशाहों की भूमिका सदैव अग्रणी रही है। यह परंपरा आज भी जीवित है और गांव-ढाणी स्तर पर शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग के अनेक उदाहरण देखने को मिलते हैं।
विधायक ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी सरकारी विद्यालयों के भवन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रहे हैं और इस संबंध में आवश्यक आदेश भी जारी किए गए हैं। हालांकि सरकारी प्रक्रिया में समय लगता है, ऐसे में समाज के भामाशाह आगे आकर विद्यालय भवन, कक्षाओं एवं अन्य शैक्षणिक संसाधनों के विकास में सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि दान सभी महान होते हैं, लेकिन शिक्षा के लिए दिया गया दान विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इससे समाज और राष्ट्र का भविष्य सशक्त बनता है।
इससे पूर्व विधायक महंत बालकनाथ योगी ने अलवर में भाजपा प्रवक्ता आनंद बेनीवाल के भाई के निधन पर उनके निवास पहुंचकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिजनों को ढांढस बंधाया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


