More
    Homeराजस्थानअलवरतिजारा विधायक महंत बालकनाथ ने तिजारा-भिवाड़ी में जनसुनवाई, कांग्रेस पर साधा निशाना

    तिजारा विधायक महंत बालकनाथ ने तिजारा-भिवाड़ी में जनसुनवाई, कांग्रेस पर साधा निशाना

    तिजारा विधायक महंत बालकनाथ योगी ने भिवाड़ी, टपूकड़ा और तिजारा में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनी। कांग्रेस पर देशविरोधियों का समर्थक होने का आरोप लगाया।

    मिशनसच न्यूज, तिजारा। तिजारा विधायक महंत श्री बालकनाथ योगी जी ने 11 दिसंबर को भिवाड़ी, टपूकड़ा और तिजारा में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को तुरंत आवश्यक निर्देश जारी किए। जनसुनवाई के दौरान बड़ा जनसमूह पहुंचा और अपने क्षेत्रीय मुद्दों, आधारभूत सुविधाओं तथा प्रशासनिक समस्याओं से अवगत कराया।

    विधायक महंत बालकनाथ ने कहा कि जनता की सेवा उनके लिए सौभाग्य का विषय है। उनका लक्ष्य केवल समस्याएँ सुनना नहीं बल्कि उनका समाधान कराना है। उन्होंने बताया कि तिजारा विधानसभा क्षेत्र में वे लगातार दौरे करते हैं ताकि लोगों को अपनी समस्या बताने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

    उन्होंने कहा कि उनका मुख्य फोकस पूरे तिजारा क्षेत्र को बेहतर बुनियादी सुविधाओं से युक्त बनाना है। चाहे शिक्षा हो, चिकित्सा, सफाई, सड़क, पानी या बिजली—हर क्षेत्र में व्यापक सुधार और विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भिवाड़ी–टपूकड़ा–तिजारा क्षेत्र पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से सम्पन्न होगा।

    कांग्रेस पर साधा निशाना—“देशविरोधियों और घुसपैठियों की शुभचिंतक”

    जनसुनवाई के दौरान विधायक महंत बालकनाथ ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का तथाकथित “वोट चोरी अभियान” कोरा पाखंड मात्र है। उनके अनुसार कांग्रेस पार्टी हमेशा धर्म, जाति और पंथ के आधार पर समाज को बांटने की राजनीति करती रही है।

    उन्होंने आरोप लगाया कि आज जब देश तेजी से आगे बढ़ रहा है, कांग्रेस इसे पचा नहीं पा रही है। उन्होंने कहा कि देश में चल रहे मतदाता शुद्धिकरण अभियान से कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियां घबराई हुई हैं। “जो इस देश का नहीं है, वह सीमा पार भाग रहा है, और वही कांग्रेस का पारंपरिक वोट बैंक रहा है। अब उनके बूते सत्ता वापसी का सपना अधूरा ही रह जाएगा,” उन्होंने कहा।

    महंत बालकनाथ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी शुरुआत से ही देशविरोधी तत्वों और घुसपैठियों की समर्थक रही है। “सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर और अब एफआईआर (SIR) पर सवाल उठाना कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है,” उन्होंने कहा।

    दिवंगत नरेश दायमा को श्रद्धांजलि

    जनसुनवाई शुरू करने से पहले विधायक महंत बालकनाथ भिवाड़ी के पूर्व सभापति संदीप दायमा के भाई नरेश दायमा के निधन पर उनके घर पहुंचे। उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिजनों को ढांढ़स बंधाया।

    जनसुनवाई के दौरान लोगों ने पानी, सड़क, बिजली, आवास, कॉलोनियों की समस्याएं, यातायात, अवैध गतिविधियों की शिकायतें, और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे मुद्दे उठाए। विधायक ने हर समस्या को गंभीरता से सुनते हुए तुरंत मौके पर ही अधिकारियों को फोन कर समाधान के निर्देश दिए।

    विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना उनका सर्वोच्च दायित्व है और वे तिजारा विधानसभा के विकास को नई दिशा देने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।


    ** मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें। https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
    ** अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here