बोरिंग मशीन के नीचे आने से 36 वर्षीय मजदूर की दर्दनाक मौत, चालक फरार
अलवर। खेड़ली कस्बे में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 36 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा रात करीब 10 बजे उस समय हुआ, जब पानी की बोरिंग मशीन लगी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर पथैना की ओर से खेड़ली की तरफ आ रहा था।
प्रत्यक्षदर्शी पुलिस मित्र के अनुसार ट्रैक्टर में चालक के साथ एक युवक बाईं ओर किनारे बैठा हुआ था। जैसे ही ट्रैक्टर गांव खेड़ली रेल स्थित अंबेडकर भवन के पास बने स्पीड ब्रेकर पर पहुंचा, तेज गति के कारण संतुलन बिगड़ गया और युवक उछलकर नीचे गिर गया।
गिरते ही वह पीछे लगी बोरिंग मशीन के टायर के नीचे आ गया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट लगी और नाक-कान से खून बहने लगा। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी हालत गंभीर हो गई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। खेड़ली थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायल को उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गोपाल शर्मा (36) निवासी शाहपुर के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और अपने पीछे पत्नी व दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


