स्कूटी सवार युवक से डेढ़ लाख रुपये की लूट, थार सवार बदमाशों की करतूत सीसीटीवी में कैद
अलवर। शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र के खुदनपुरी इलाके में दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने पहले स्कूटी सवार युवक को थार गाड़ी से टक्कर मारी और इसके बाद उसके साथ मारपीट कर करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
पीड़ित रितिक वर्मा ने बताया कि वह अपने दादा की ओर से बैंक में जमा कराने के लिए दिए गए 1 लाख 50 हजार रुपये लेकर जा रहा था। इसी दौरान खुदनपुरी क्षेत्र में पीछे से आई एक थार गाड़ी ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
रितिक के अनुसार, टक्कर लगने के बाद वाहन में सवार लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसके पास मौजूद नकदी छीनकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने अर्जुन, विशाल, दिनेश, अमित समेत अन्य लोगों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है।
पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई। आरोपियों ने पहले वाहन से रास्ता रोका और फिर वारदात को अंजाम देकर तेजी से वहां से निकल गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


