दलहन प्रसंस्करण इकाई योजना के तहत 5 अगस्त तक होंगे आवेदन, किसानों की आय बढ़ाने पर रहेगा फोकस
अलवर। जिले के किसानों की आय बढ़ाने और दलहन उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अलवर जिले को दलहन में आत्मनिर्भरता मिशन योजना में शामिल किया गया है। योजना के तहत दाल प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग इकाई स्थापित करने के लिए 5 अगस्त तक आवेदन किए जा सकते हैं।
कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक पी.सी. मीणा ने बताया कि इस योजना का लाभ कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ), क्लस्टर लेवल फेडरेशन, प्राथमिक कृषि सहकारी ऋण समितियां, किसी भी अधिनियम के तहत पंजीकृत संस्थाएं तथा 21 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तिगत आवेदक भी उठा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि नई दलहन प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग इकाई स्थापित करने के लिए न्यूनतम 300 किलोग्राम प्रति घंटा क्षमता निर्धारित की गई है। पात्र लाभार्थियों को परियोजना लागत का 33 प्रतिशत या अधिकतम 25 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
यह सहायता मशीनों और उपकरणों की खरीद के साथ-साथ भवन, गोदाम और भंडारण सुविधाओं के निर्माण के लिए भी उपलब्ध होगी। योजना का उद्देश्य दलहनी फसलों के प्रसंस्करण को बढ़ावा देना, मूल्य संवर्धन करना और किसानों की आय में वृद्धि करना है।
संयुक्त निदेशक ने बताया कि जिले में सरसों उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल-तिलहन मिशन योजना भी संचालित की जा रही है। इसके तहत 10 मीट्रिक टन क्षमता वाली तेल प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने पर 33 प्रतिशत या अधिकतम नौ लाख 90 हजार रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कृषि विभाग ने इच्छुक किसानों और संस्थाओं से समय सीमा के भीतर आवेदन करने का आह्वान किया है। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी कृषि विभाग के कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

