बिजली घर तिराहे से मेन हाईवे तक और बासड़ा रोड पर सबसे पहले होगी कार्रवाई, खुद अतिक्रमण नहीं हटाया तो पालिका करेगी ध्वस्त, खर्च भी संबंधित मकान मालिकों और दुकानदारों से वसूला जाएगा
किशनगढ़बास। दीपावली के त्योहार के चलते बीच में रोका गया नगर पालिका का अतिक्रमण हटाओ अभियान अब फिर शुरू होने जा रहा है। नगर पालिका ने अतिक्रमणकारियों को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए आम सूचना जारी की है। इसमें स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाने पर पालिका की ओर से कार्रवाई की जाएगी और उसे हटाने में आने वाला खर्च भी संबंधित मकान मालिकों और दुकानदारों से वसूल किया जाएगा।
नगर पालिका की ओर से जारी आम सूचना के अनुसार, अभियान के पहले चरण में मोठूका रोड पर बिजली घर तिराहे से मेन हाईवे तक तथा बासड़ा रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। पालिका प्रशासन ने संबंधित क्षेत्र के मकान मालिकों और दुकानदारों से नाली से बाहर बनाए गए चबूतरे, छज्जे, टीनशेड सहित अन्य स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण तीन दिवस में स्वयं हटाने के निर्देश दिए हैं।
नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के संबंध में पूर्व में भी संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद कई स्थानों पर अतिक्रमण बने हुए हैं। अब पालिका प्रशासन इन्हें हटाने की तैयारी कर चुका है। आम सूचना के माध्यम से अंतिम अवसर दिया गया है। निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाने पर पालिका की टीम स्वयं कार्रवाई करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित मकान मालिक और दुकानदार की होगी।
दीपावली के चलते रोकना पड़ा था अभियान
गौरतलब है कि दीपावली से पहले नगर पालिका ने शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया था। कार्रवाई की शुरुआत होते ही बाजार और मुख्य मार्गों पर हड़कंप मच गया था। कई दुकानदारों और मकान मालिकों ने अपने स्तर पर अतिक्रमण हटाना भी शुरू कर दिया था। हालांकि दीपावली के त्योहार को देखते हुए पालिका प्रशासन ने अभियान को बीच में रोक दिया था। इससे लोगों ने राहत की सांस ली थी। अब त्योहार बीतने के बाद पालिका ने दोबारा सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई की तैयारी कर ली है।
अध्यक्ष ने अपने वार्ड और परिवार से की थी शुरुआत
उल्लेखनीय है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष विश्वास यादव ने शुरुआत अपने ही वार्ड और परिवार से कर एक संदेश दिया था। उन्होंने पहले अपने वार्ड में अतिक्रमण हटवाकर स्पष्ट किया था कि कार्रवाई में किसी तरह का भेदभाव नहीं होगा। अतिक्रमण चाहे किसी का भी हो, नियम सभी के लिए समान रहेंगे। अध्यक्ष के इस कदम के बाद शहर में अभियान को लेकर गंभीरता बढ़ी थी।
कहीं खुद तोड़ रहे अतिक्रमण, कहीं स्टे की तैयारी
पालिका की आम सूचना के बाद शहर में एक बार फिर अतिक्रमण को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थिति यह है कि कुछ लोग कार्रवाई से पहले ही अपने चबूतरे, छज्जे और टीनशेड हटाने में जुट गए हैं, जबकि कुछ लोग न्यायालय से स्थगन आदेश लेने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग अभी भी पालिका की अगली कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल सबसे अधिक चिंता मोठूका रोड और बासड़ा रोड के दुकानदारों एवं मकान मालिकों में देखी जा रही है। तीन दिन की समय सीमा पूरी होने के बाद अब सबकी निगाहें नगर पालिका की कार्रवाई पर टिकी हैं।

