More
    Homeराज्यराजस्थानधौलपुर में शहीद हुए वन रक्षक जितेंद्र सिंह के गांव पहुंचे वन...

    धौलपुर में शहीद हुए वन रक्षक जितेंद्र सिंह के गांव पहुंचे वन मंत्री संजय शर्मा

    शहीद के सम्मान में सरकार का संकल्प, अपराधियों की गिरफ्तारी से मिला न्याय का भरोसा

    मिशनसच न्यूज,धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले में कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए वन रक्षक जितेंद्र सिंह के पैतृक गांव सुरजपुरा (विराटनगर) में शुक्रवार को राज्य के वन मंत्री संजय शर्मा पहुंचे। उन्होंने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि “यह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का नुकसान है। शहीद जितेंद्र सिंह ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। इस दुख की घड़ी में पूरी सरकार आपके साथ खड़ी है।”

    मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी हैं गंभीर, हर स्तर पर मिलेगा सहयोग

    वन मंत्री संजय शर्मा ने शहीद के परिजनों को आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं इस पूरे घटनाक्रम पर गंभीरता से नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहीद के परिवार को राज्य सरकार की सभी योजनाओं और नियमों के अनुसार संपूर्ण परिलाभ तत्काल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही परिवार के एक सदस्य को नियमानुसार अनुकंपा नियुक्ति देने की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी की जाएगी।

    मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवार को भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए भी स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

    अपराधियों की गिरफ्तारी से परिवार को मिला न्याय का भरोसा

    वन मंत्री ने जानकारी दी कि धौलपुर में शहीद वन रक्षक जितेंद्र सिंह पर हमला करने वाले अपराधियों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि “राज्य में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों को कठोरतम सजा दिलाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

    इस दौरान स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने भी मंत्री को घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी दी। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले की जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और शीघ्र न्याय सुनिश्चित किया जाए।

    गांव में शोक की लहर, लोगों ने दी श्रद्धांजलि

    शहीद के गांव सुरजपुरा में इस घटना के बाद से शोक का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। लोगों ने कहा कि जितेंद्र सिंह एक कर्तव्यनिष्ठ और साहसी वन रक्षक थे, जिन्होंने हमेशा अपने दायित्वों को प्राथमिकता दी। उनके बलिदान को गांव ही नहीं, पूरा क्षेत्र हमेशा याद रखेगा।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here