मेगा गौ सवामणि के साथ वार्षिकोत्सव संपन्न, गौ आरती और सम्मान समारोह में उमड़ी श्रद्धा
अलवर। बुद्ध विहार स्थित नंदी गौशाला में गौ सेवा परिवार की ओर से एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वार्षिकोत्सव एवं मेगा गौ सवामणि समारोह का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में गौ सेवा, धार्मिक आस्था और सामाजिक सहयोग का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत गौ सेवकों द्वारा गौमाताओं को हल्दी का तिलक लगाने और सामूहिक गौ आरती से हुई। इसके बाद मेगा गौ सवामणि में गौमाताओं को लौकी, खीरा, बैंगन, तुरई, भिंडी, काशीफल, पालक सहित विभिन्न हरी सब्जियां, गुड़ एवं गेहूं की चूरी का भोग लगाया गया। इस दौरान भक्ति गीतों और हरे रामा–हरे कृष्णा के संकीर्तन से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
भामाशाहों और गौ सेवकों का किया सम्मान
गौशाला के विकास एवं गौ सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले भामाशाहों और समाजसेवियों को कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। विशिष्ट अतिथि कमल झिरीवाल एवं के.के. अग्रवाल ने सुमित अग्रवाल, राजकुमार गुप्ता, रामबाबू गुप्ता, पूरणमल सैनी तथा अभिषेक अग्रवाल को माला एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इसके अलावा अनिल बंसल और सत्यनारायण अग्रवाल को पिछले एक वर्ष में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। पूर्व पार्षद प्रह्लाद अग्रवाल को उनके सामाजिक एवं विकास कार्यों के लिए विशेष सम्मान दिया गया। संयुक्त वैश्य महासभा के अध्यक्ष सतीश कुमार गुप्ता को भी गौ सेवा में उनके योगदान के लिए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
बड़ी संख्या में पहुंचे समाजसेवी और श्रद्धालु
कार्यक्रम में संयुक्त वैश्य महासभा, भारत विकास परिषद, लायंस क्लब सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी, समाजसेवी, गौ सेवक एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही। सभी ने गौ संरक्षण और गौ सेवा को समाज का महत्वपूर्ण दायित्व बताते हुए इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन गिरीश गुप्ता ने किया, जबकि मीडिया समन्वय की जिम्मेदारी रोहित गुप्ता ने निभाई। अंत में आयोजन समिति के राजकुमार गुप्ता, गिरीश गुप्ता, सीताराम गुप्ता, अनिल तमोलिया एवं पियूष गर्ग ने सभी अतिथियों, भामाशाहों और उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


