निकाय चुनाव नामांकन प्रक्रिया को लेकर कलेक्टर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, अधिकारियों को दिए सुचारू संचालन के निर्देश
अलवर। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया का आज आखिरी दिन है। अंतिम दिन बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने के लिए मिनी सचिवालय पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला ने रविवार को मिनी सचिवालय पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने नामांकन स्थल पर बनाए गए हेल्प डेस्क, नामांकन कक्ष और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रत्याशियों को परेशानी नहीं हो, कलेक्टर ने दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशियों और उनके प्रस्तावकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाओं को सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन की ओर से नामांकन स्थल पर हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं, जहां प्रत्याशियों को नामांकन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
सुबह 10:30 से दोपहर 3 बजे तक होगा नामांकन
निकाय चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का समय प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है। आज अंतिम तिथि होने के कारण मिनी सचिवालय में प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों की अधिक भीड़ रहने की संभावना है।
इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से व्यवस्थाओं को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों को नामांकन स्थल पर निर्धारित नियमों एवं निर्वाचन प्रक्रिया की पालना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात
नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। मिनी सचिवालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
प्रशासन का प्रयास है कि निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया अंतिम दिन भी व्यवस्थित, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरी हो। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगामी निर्वाचन कार्यक्रम के तहत नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


