More
    Homeराजस्थानजयपुरनीट पेपर लीक कांड के आरोपियों को मिल रहा सत्ता का संरक्षण-...

    नीट पेपर लीक कांड के आरोपियों को मिल रहा सत्ता का संरक्षण- टीकाराम जूली, नेता प्रतिपक्ष

    पेपर लीक पर 22 लाख युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उठी मांग

    जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में गुरुवार को जयपुर में नीट-2026 पेपर लीक मामले को लेकर विशाल विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन में राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने केंद्र और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नीट पेपर लीक कांड के आरोपियों को सत्ता का संरक्षण मिल रहा है तथा 22 लाख युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है।

    प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि लगातार तीन वर्षों से नीट परीक्षा में पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो देश की परीक्षा प्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है।

    उन्होंने कहा कि पेपर लीक की जानकारी सबसे पहले राजस्थान में सामने आई थी, लेकिन प्रदेश सरकार ने मामले को दबाने का प्रयास किया और एक भी एफआईआर दर्ज नहीं की। जूली ने कहा कि यह दर्शाता है कि सरकार दोषियों को संरक्षण देने में लगी हुई है।

    एजेंसी भंग करने की मांग, युवाओं के साथ विश्वासघात का आरोप

    टीकाराम जूली ने कहा कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने मांग की कि एजेंसी को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

    उन्होंने कहा कि भाजपा का एक पदाधिकारी इस मामले में आरोपी है, बावजूद इसके सरकार कार्रवाई करने के बजाय उसे बचाने में जुटी हुई है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करती है।

    राहुल गांधी ने पहले ही उठाया था मुद्दा

    नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने वर्ष 2024 में ही नीट परीक्षा की विसंगतियों और पेपर लीक का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था, लेकिन केंद्र सरकार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अब सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने में लगी हुई है और युवाओं के भविष्य को लेकर संवेदनहीन रवैया अपना रही है।

    प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने युवाओं के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here