जयपुर मंडल ने चलाई विशेष रेल, अलवर और चूरू मार्ग पर एक-एक फेरा
जयपुर। जयपुर मंडल के उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा परीक्षा के दौरान बढ़ती यात्री संख्या को ध्यान में रखते हुए विशेष अनारक्षित रेल सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए जयपुर-अलवर और चूरू-जयपुर मार्ग पर एक-एक फेरा चलाया जाएगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती पूजा मित्तल के अनुसार गाड़ी संख्या 09717 चूरू-जयपुर अनारक्षित विशेष रेल सेवा 3 मई 2026 को चूरू जंक्शन से सुबह 6:10 बजे रवाना होगी। यह रेल सीकर स्टेशन पर 8:15 बजे पहुंचेगी और 8:20 बजे प्रस्थान कर 11:00 बजे जयपुर जंक्शन पहुंचेगी।
यह रेल मार्ग में बिसाऊ, रामगढ़ शेखावाटी, फतेहपुर शेखावाटी, लक्ष्मणगढ़ सीकर, सीकर जंक्शन, पलसाना, रींगस, गोविंदगढ़ मलिकपुर, चौमूं सामौद और ढेहर का बालाजी रेलवे स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09719 जयपुर-अलवर अनारक्षित विशेष रेल सेवा 3 मई 2026 को जयपुर जंक्शन से शाम 7:10 बजे रवाना होकर दौसा स्टेशन पर 8:22 बजे पहुंचेगी और 8:24 बजे प्रस्थान कर रात 10:55 बजे अलवर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
यह रेल गांधीनगर जयपुर, गैटोर जगतपुरा, खातीपुरा, बस्सी, दौसा, बांदीकुई, बसवा, राजगढ़ और मालाखेड़ा रेलवे स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
दोनों रेल सेवाओं में 10 साधारण श्रेणी के डिब्बे तथा 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 12-12 डिब्बे लगाए जाएंगे। इस विशेष व्यवस्था से परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों और अन्य यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

