More
    Homeराजस्थानअलवरपैन कार्ड के नाम पर करोड़ों का खेल, अलवर में ₹11.95 करोड़...

    पैन कार्ड के नाम पर करोड़ों का खेल, अलवर में ₹11.95 करोड़ के कथित फर्जी कारोबार का खुलासा

    कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई एफआईआर, पैन कार्ड के दुरुपयोग के आरोपों की जांच शुरू

    अलवर। शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में पैन कार्ड के कथित दुरुपयोग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। टाइगर कॉलोनी, मूंगस्का निवासी अंकित कुमार यादव ने आरोप लगाया है कि उनके पैन कार्ड का इस्तेमाल कर उनके नाम से करोड़ों रुपये का फर्जी कारोबार किया गया। मामले में न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    परिवादी अंकित कुमार यादव के अनुसार, जब वह अपना कारोबार शुरू करने के उद्देश्य से चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) के पास पहुंचे तो ऑनलाइन जांच के दौरान पता चला कि उनके पैन नंबर पर पहले से ही जीएसटी पंजीकरण दर्ज है। इसके बाद उन्होंने जीएसटी और आयकर विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच की।

    जांच के दौरान सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में उनके नाम से 2 करोड़ 62 लाख 15 हजार 452 रुपये तथा वर्ष 2024-25 में 9 करोड़ 33 लाख 56 हजार 142 रुपये का कारोबार दर्शाया गया है। इस प्रकार कुल कारोबार की राशि 11 करोड़ 95 लाख 71 हजार 594 रुपये सामने आई।

    परिवादी ने आरोप लगाया कि यह कारोबार दिल्ली स्थित आकांक्षा सिंथेटिक्स के नाम से संचालित किया गया। जीएसटी रिकॉर्ड में एक अलग मोबाइल नंबर और कोटक महिंद्रा बैंक का खाता दर्ज मिला, जबकि उनके अनुसार उनका केवल पंजाब नेशनल बैंक की दिल्ली रोड शाखा में एक बचत खाता है।

    अंकित कुमार यादव का कहना है कि उन्होंने कभी किसी प्रकार का जीएसटी पंजीकरण नहीं कराया और न ही इस प्रकार का कोई कारोबार किया है। उन्होंने इस पूरे मामले में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत होने की आशंका भी जताई है।

    उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले पुलिस अधीक्षक और अन्य संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। एसीजेएम संख्या-3, अलवर के आदेश के बाद अरावली विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। दस्तावेजों और बैंक खातों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here