मीणा समाज के जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में बोले केंद्रीय मंत्री—सबका साथ, सबका विकास हमारी प्राथमिकता
अलवर। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने रविवार को राजगढ़ क्षेत्र के ग्राम काली पहाड़ी में आदिवासी सेवा संस्थान द्वारा आयोजित जिला स्तरीय मीणा समाज प्रतिभा सम्मान समारोह एवं कार्यालय भवन तथा सभागार लोकार्पण कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं समाजसेवियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” की भावना के साथ अलवर संसदीय क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में बड़ा बनने के साथ-साथ अच्छा इंसान बनना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से कठिन परिश्रम, अनुशासन और देश व समाज के प्रति संवेदनशीलता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आदिवासी सेवा संस्थान द्वारा समाज में शिक्षा और संस्कारों को बढ़ावा देने का कार्य प्रेरणादायी है। केंद्रीय मंत्री ने दिवंगत हंसराज मीणा की स्मृति में सभागार निर्माण कराने पर उनके परिजनों की सराहना की।
भूपेंद्र यादव ने सरस डेयरी के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षित और कुशल नेतृत्व मिलने से डेयरी के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष गर्मियों में जहां प्रतिदिन लगभग 60 हजार लीटर दूध का संग्रहण होता था, वहीं इस वर्ष यह बढ़कर लगभग एक लाख लीटर प्रतिदिन हो गया है। उन्होंने कहा कि किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से पांच लाख लीटर क्षमता के डेयरी संयंत्र को स्वीकृति मिल चुकी है, जिसका शीघ्र ही शिलान्यास किया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्र में डिजिटल लाइब्रेरी और राजीविका सीएफएल भवन निर्माण की घोषणा भी की। साथ ही सरिस्का अभयारण्य से जुड़े विषयों एवं अन्य विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से सभी के सहयोग से पूरा करने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में थानागाजी विधायक कांती प्रसाद मीणा ने विधायक निधि से सोलर सिस्टम एवं हाईमास्ट लाइट लगाने की घोषणा की तथा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। राजगढ़ विधायक मांगेलाल मीणा ने प्रतिभावान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर ने बजट उपलब्ध होने पर सीसी सड़क निर्माण कराने का आश्वासन दिया। सरस डेयरी के पूर्व चेयरमैन बन्नाराम मीणा ने सम्मानित सभी प्रतिभावान विद्यार्थियों को 1100-1100 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। भजेड़ा सरपंच सीमा मीणा ने केंद्रीय मंत्री द्वारा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी।
इस अवसर पर सरस डेयरी के चेयरमैन नितिन सांगवान, जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, आदिवासी मीणा समाज के अध्यक्ष रामकिशन मीणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाज के प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


