अलवर में छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन, जंतर-मंतर पुलिस कार्रवाई और परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के विरोध में नारेबाजी
अलवर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई तथा परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे को लेकर गुरुवार को बाबू शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व एनएसयूआई राजस्थान के प्रदेश महासचिव विनोद जाटव एवं हार्दिक वर्मा ने किया। उनके साथ छात्र नेता दीपक वर्मा, करण वर्मा और इरफान कजोता भी मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पुतले फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदेश महासचिव हार्दिक वर्मा और विनोद जाटव ने कहा कि लगातार सामने आ रहे परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के मामलों और शिक्षा व्यवस्था की खामियों से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस ने बल प्रयोग किया तथा महिला प्रदर्शनकारियों के साथ दुर्व्यवहार किया, जिसकी एनएसयूआई कड़ी निंदा करती है।
उन्होंने कहा कि छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों पर संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा तथा छात्रों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार से छात्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शन में सूरज, शौकीन खान, दिलशाद खान, मोहित वाल्मीकि, विनीत, करण राजपूत, हेमंत गुर्जर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


