अजमेर में 17 हजार करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, युवाओं को 21,863 नियुक्ति पत्र; मुख्यमंत्री बोले- प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत बन रहा वैश्विक ताकत
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उनकी सरकार सत्ता भाव से नहीं, बल्कि संवेदनशीलता के साथ काम करती है। डबल इंजन सरकार विरासत और विकास को साथ लेकर राजस्थान को अवसरों की भूमि बना रही है। उन्होंने कहा कि विकसित राजस्थान, विकसित भारत 2047 के विजन का महत्वपूर्ण ग्रोथ इंजन बनेगा।
प्रधानमंत्री ने शनिवार को अजमेर स्थित कायड़ विश्राम स्थली में लगभग 17 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के आरंभ में तीर्थराज पुष्कर, सावित्री माता, वीर तेजा जी महाराज, भगवान देवनारायण, वरुण अवतार भगवान झूलेलाल को नमन किया। उन्होंने कहा कि अजमेर, आस्था और शौर्य की धरती है, यहां तीर्थ भी हैं और क्रांतिवीरों के पद्चिन्ह भी हैं। उन्होंने मेजर दलपत सिंह के शौर्य को याद करते हुए कहा कि राजस्थान के वीरों की इज़रायल के हाइफा शहर को आज़ाद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका थी।
युवाशक्ति को मिल रही नई ताकत
प्रधानमंत्री ने कहा कि सड़कों, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी परियोजनाओं से विकास को गति मिलेगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने बताया कि 21,863 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने कहा कि पहले भर्तियों में पेपर लीक और भ्रष्टाचार की खबरें आती थीं, लेकिन अब दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो रही है और युवाशक्ति सशक्त हो रही है।
नारीशक्ति के लिए संवेदनशील पहल
मोदी ने एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत को महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में अहम कदम बताया। उन्होंने मातृ वंदना योजना, उज्ज्वला योजना और शौचालय निर्माण अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं की गरिमा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी गई है।
कनेक्टिविटी से बढ़ेगा निवेश
प्रधानमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी से पर्यटन और निवेश दोनों को बढ़ावा मिलता है। कनेक्टिविटी बढ़ने से राजस्थान में उद्योग, होटल, परिवहन और हस्तशिल्प क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।
सिंचाई और जल परियोजनाओं को प्राथमिकता
उन्होंने ईआरसीपी, पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक और यमुना-राजस्थान लिंक जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि नदियों को जोड़ने से किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।
सूर्यघर योजना से ऊर्जा आत्मनिर्भरता
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान अब सूरज की ताकत से समृद्धि कमाने वाली धरती बन रहा है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 78 हजार रुपये तक की सहायता देकर सोलर पैनल लगाने को प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रदेश में सवा लाख से अधिक परिवार इससे जुड़ चुके हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संबोधन
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और दूरदर्शी सोच से भारत वैश्विक ताकत के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति के साथ काम कर रही है और युवाओं को 4 लाख नौकरियों के संकल्प की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक सवा लाख से अधिक नौकरियां दी जा चुकी हैं और 1 लाख 33 हजार से अधिक नियुक्तियां प्रक्रियाधीन हैं। वर्ष 2026 में 1 लाख से अधिक पदों पर भर्ती कैलेंडर जारी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि बजट में 1 लाख 19 हजार 408 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो राज्य की जीएसडीपी का 5.55 प्रतिशत है। 16 लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाया गया है।
उन्होंने जल जीवन मिशन, हथिनी कुंड बैराज परियोजना और अन्य जल योजनाओं के माध्यम से जल समस्या के समाधान के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


