More
    Homeराजस्थानअलवरप्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर-...

    प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर- केंद्रीय वन मंत्री यादव

    अलवर में प्रदर्शनी के माध्यम से मोदी के विकास, जनकल्याण और सुशासन की झलक

    अलवर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा नवीन सूचना केंद्र (पीआरओ कार्यालय) में आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का गुरुवार को केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव तथा वन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने फीता काटकर शुभारम्भ किया। “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” थीम पर आधारित यह प्रदर्शनी 12 से 14 जून तक आमजन के लिए खुली रहेगी।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुरक्षा और समृद्धि के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि जनकल्याण, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ देश निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।

    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्र सेवा के इन 12 वर्षों में किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा उत्थान और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। साथ ही डबल इंजन सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

    विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का प्रयास

    वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र सेवा के 12 वर्षों में जनसेवा, समर्पण और नेतृत्व का नया अध्याय लिखा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दे रही है।

    उन्होंने कहा कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार विभिन्न नवाचारों और योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए संकल्पित भाव से कार्य कर रही है।

    लोककलाओं और खेलों ने बढ़ाया आकर्षण

    कार्यक्रम के दौरान पद्मश्री भपंग वादक गफरुद्दीन खां मेवाती एवं उनके दल ने लोकगीतों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।

    वहीं जिला पंच गौरव कार्यक्रम के तहत “एक जिला-एक खेल” अभियान के अंतर्गत कुश्ती का लाइव डेमो भी आयोजित किया गया। खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन ने आगंतुकों को रोमांचित कर दिया। केंद्रीय मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया।

    विकास कार्यों और योजनाओं की मिली जानकारी

    सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के सहायक निदेशक मनोज कुमार ने बताया कि प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को फ्लैग्स एवं स्टैंडीज के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी उपलब्ध कराना है।

    उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी 14 जून तक प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी।

    सेल्फी पॉइंट बना आकर्षण का केंद्र

    प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ बनाया गया विशेष सेल्फी पॉइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और अन्य आगंतुकों ने उत्साहपूर्वक सेल्फी लेकर इस आयोजन को यादगार बनाया।

    कार्यक्रम में रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर, जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, पूर्व विधायक जयराम जाटव, एडीएम प्रथम योगेश डागुर, एडीएम शहर अम्बा लाल मीणा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here