यूआईटी और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई, सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सख्ती
अलवर। शहर में सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले कोचिंग संस्थानों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए कई संस्थानों को सील कर दिया। नगर विकास न्यास (यूआईटी) और नगर निगम की संयुक्त टीमों ने बुधवार को विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण अभियान चलाया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) अम्बालाल मीणा ने बताया कि जांच के दौरान कई कोचिंग संस्थानों के पास फायर एनओसी, कन्वर्जन ऑर्डर तथा अन्य आवश्यक अनुमतियां उपलब्ध नहीं पाई गईं। नियमों के उल्लंघन को देखते हुए संबंधित संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
कार्रवाई के तहत स्कीम-8 स्थित आर्यभट्ट कोचिंग, करियर मेकर, जीनियस कोचिंग, आधार, सार्थक, केपी कैंपस और राजस्थान कोचिंग, मोती डूंगरी स्थित यूकेडी नर्सिंग कोचिंग, जवाहर नगर स्थित रेस कोचिंग परिसर की आरआर लाइब्रेरी, नया बास स्थित मदर एजुकेशन हब, इंडियन डिफेन्स अकादमी और देव कोचिंग, केशन नगर स्थित अचीवर कोचिंग तथा अंबेडकर सर्किल स्थित गुरूकृपा कोचिंग संस्थान को सील किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और बिना आवश्यक सुरक्षा मानकों तथा वैधानिक स्वीकृतियों के संचालित होने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। संबंधित संस्थानों को सभी नियमों की पालना सुनिश्चित करने के बाद ही आवश्यक प्रक्रिया के अनुसार आगे की अनुमति मिल सकेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

