बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस का अनोखा विरोध, कार्यकर्ताओं ने खुद संभाली मरम्मत की जिम्मेदारी
अलवर। शहर की जर्जर सड़कों और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों को लेकर गुरुवार को शहर कांग्रेस कमेटी ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फावड़ा, तसला और सीमेंट-मसाला लेकर सड़कों पर उतरकर गड्ढों को भरना शुरू कर दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लंबे समय से शहर की सड़कें खस्ताहाल बनी हुई हैं। बरसात के कारण गड्ढे और गहरे हो गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कई बार नगर निगम और अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन किसी भी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना था कि जब जिम्मेदार विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाने में असफल साबित हो रहे हैं, तब आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को स्वयं सड़क के गड्ढे भरने पड़ रहे हैं।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शहर की सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शहर की बदहाल सड़कों को लेकर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश भी व्यक्त किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


