More
    Homeराजस्थानखैरथलबाईपास पर बस स्टैंड शिफ्ट होने के बाद भी नहीं टूटा शहर...

    बाईपास पर बस स्टैंड शिफ्ट होने के बाद भी नहीं टूटा शहर में जाम का चक्र

    शहर में भारी वाहनों की आवाजाही जारी, यात्रियों व छोटे व्यापारियों की बढ़ी मुश्किलें

    किशनगढ़ बास। शहर में जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से रोडवेज बस स्टैंड को शहर के अंदर से हटाकर बाईपास पर शिफ्ट किया गया था, लेकिन इसके बावजूद आमजन को जाम की समस्या से निजात नहीं मिल पाई है। शहरवासियों को उम्मीद थी कि बस स्टैंड बाईपास पर जाने से सड़कों पर वाहनों की भीड़ कम होगी, परंतु वर्तमान में भी शहर के मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों की रेलमपेल और बार-बार जाम की स्थिति बनी रहती है।

    शहर में कई स्थानों पर वाहन आड़े-तिरछे खड़े रहने, ठेले लगने और यातायात व्यवस्था की कमी के कारण जाम की समस्या और गंभीर हो गई है। हालांकि शुरुआती दिनों में पुलिस प्रशासन ने अलवर, तिजारा और खैरथल की ओर से आने वाले भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं देने के लिए बैरिकेड्स और चेतावनी बोर्ड लगाए थे, लेकिन यह व्यवस्था कुछ समय बाद ढीली पड़ गई।

    बाईपास पर बस स्टैंड शिफ्ट होने से यात्रियों की परेशानी भी बढ़ गई है। यात्रियों को बस स्टैंड तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त किराया देकर टेंपो या रिक्शा का सहारा लेना पड़ता है, जबकि रात के समय परिवहन साधन नहीं मिलने पर पैदल आना-जाना मजबूरी बन जाता है। इस स्थिति में विशेष रूप से महिलाओं को अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

    बस स्टैंड के स्थानांतरण का असर छोटे व्यापारियों पर भी पड़ा है। पहले बस स्टैंड पर आने वाले यात्रियों से जिनकी रोजी-रोटी चलती थी, अब उनकी आय में भारी गिरावट आई है। कई दुकानदारों का कहना है कि बिक्री में लगभग 40 प्रतिशत तक कमी आ गई है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

    दूसरी ओर, बाईपास क्षेत्र में लोगों की आवाजाही बढ़ने से वहां दुकानों के किराए और जमीन के दामों में उछाल आया है। मौठूका और बासड़ा चौक जैसे क्षेत्रों में पहले से मौजूद दुकानदारों और जमीन मालिकों को इसका लाभ मिला है, लेकिन बढ़ते यातायात के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए अब तक न तो स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं और न ही पर्याप्त बैरिकेड्स लगाए गए हैं। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि यातायात व्यवस्था सुधारने और हादसों को रोकने के लिए शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएं।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here