बाल वाहिनियों की जांच में कार्रवाई तेज, परिवहन और पुलिस विभाग ने 28 वाहनों के खिलाफ की कार्रवाई
अलवर। स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने जिलेभर में एक माह का विशेष वाहन जांच अभियान शुरू किया है। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देशानुसार परिवहन विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम लगातार बाल वाहिनियों की जांच कर रही है।
प्रादेशिक परिवहन अधिकारी रवीन्द्र जोशी ने बताया कि अभियान के तीसरे दिन छह वाहनों को जब्त करते हुए 28 बाल वाहिनियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान परिवहन विभाग की टीम ने नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ चालान जारी किए।
जांच के दौरान बिना चालक लाइसेंस के छह, बिना परिचालक लाइसेंस के 12, बिना बीमा के दो, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी ले जाने के दो, बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के दो, बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र के दो, बिना परमिट के छह तथा बिना पंजीकरण के एक वाहन का चालान किया गया। इनमें से कई वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
इसके अलावा पुलिस विभाग ने भी 12 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान जारी किए। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान वाहनों की फिटनेस, दस्तावेजों की वैधता, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और निर्धारित मानकों के पालन की विशेष रूप से जांच की जा रही है।
जिला प्रशासन ने वाहन संचालकों से नियमों का पालन करने और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


