More
    Homeराजस्थानअलवरबोरवेल से सकुशल निकाला 9 वर्षीय भानु, बुटोली में 5 घंटे चला...

    बोरवेल से सकुशल निकाला 9 वर्षीय भानु, बुटोली में 5 घंटे चला रेस्क्यू

    पतंग लूटते समय खुले बोरवेल में गिरा बालक, रेस्क्यू टीमों की मशक्कत से मिली सफलता

    अलवर। लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के बुटोली गांव में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब पतंग लूटने के लिए खेत की ओर दौड़ रहा 9 वर्षीय बालक खुले पड़े बोरवेल में जा गिरा। करीब 400 फीट गहरे बोरवेल में लगभग 40 फीट की गहराई पर फंसे बालक को एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सकुशल बाहर निकाल लिया।

    जानकारी के अनुसार बुटोली गांव निवासी 9 वर्षीय भानु पुत्र शीशराम कटी हुई पतंग को लूटने के लिए खेत की ओर दौड़ रहा था। इसी दौरान उसका पैर बोरवेल के ऊपर रखे पत्थर पर पड़ गया। पत्थर हटते ही बालक संतुलन खो बैठा और सीधे बोरवेल में जा गिरा। बताया गया कि बोरवेल लंबे समय से बंद पड़ा था और उसके ऊपर केवल पत्थर रखा हुआ था।

    40 फीट की गहराई पर फंसा था बालक

    घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बताया गया कि करीब 400 फीट गहरे बोरवेल में बालक लगभग 40 फीट की गहराई पर फंस गया था।

    रेस्क्यू टीमों ने बालक तक लगातार ऑक्सीजन पहुंचाने की व्यवस्था की। साथ ही उसे पानी भी उपलब्ध कराया गया। तीन जेसीबी मशीनों की सहायता से बोरवेल के आसपास सावधानीपूर्वक खुदाई शुरू की गई। कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर राहत कार्यों की निगरानी करते रहे।

    रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मिली सफलता

    करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीमों को सफलता मिली और बालक भानु को सुरक्षित बोरवेल से बाहर निकाल लिया गया। बच्चे के बाहर आते ही परिजनों और मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

    बालक को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक उपचार कराया जा रहा है। एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि बच्चे को सकुशल बाहर निकाल लिया गया है और अस्पताल में उसका उपचार कराया जा रहा है।

    अधिकारी रहे मौके पर मौजूद

    घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी, एसडीएम मनीषा रेशम, तहसीलदार मनीष कुमार शर्मा, डीएसपी नरेंद्र कुमार और थाना प्रभारी राजेश कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

    रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए थे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। बच्चे के सकुशल बाहर आने के बाद पूरे गांव में खुशी का माहौल देखने को मिला।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here