प्रभात फेरी, अभिषेक व भक्तामर पाठ में उमड़ा जैन समाज, मनाया आदिनाथ कल्याणक
जयपुर। दिगंबर जैन मंदिर प्रबंध समिति, गायत्री नगर, महारानी फार्म दुर्गापुरा जयपुर में भारतीय संस्कृति के आद्य प्रणेता एवं मंदिर के मूल नायक प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ जी का जन्म व तप कल्याणक चैत्र बदी नवमी, 12 मार्च 2026 गुरुवार को विविध धार्मिक आयोजनों के साथ श्रद्धा व उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ।
अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रातः 6.15 बजे भगवान का अभिषेक एवं विश्व शांति हेतु शांति धारा का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर सुरेश जैन रघुविहार एवं संजय ठोलिया गायत्री नगर को शांति धारा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। आयोजन में अशोक बड़जात्या, निर्मल सेठी, बसंत बाकलीवाल सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सहयोग किया। तत्पश्चात सैकड़ों श्रेष्ठियों ने भगवान का अभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इसके बाद प्रातः 7.45 बजे भगवान आदिनाथ जी के जन्म–तप कल्याणक के उपलक्ष्य में प्रभात फेरी का शुभारंभ मंदिर समिति अध्यक्ष कैलाश छाबड़ा एवं उपाध्यक्ष अरुण शाह द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। प्रभात फेरी मंदिर से विभिन्न मार्गों व कॉलोनियों से होते हुए जैन भजनों व बैंड-बाजों के साथ निकाली गई। मार्ग में श्रद्धालुओं ने अपने आवास के समक्ष भगवान की तस्वीर के सामने परिवार सहित आरती उतारी तथा पुष्पवर्षा कर प्रभात फेरी का स्वागत किया।
प्रभात फेरी में महिला-पुरुष पारंपरिक साफा व दुपट्टा धारण कर पंचरंगी ध्वज हाथ में लिए हुए शोभायमान हो रहे थे। भव्य शोभायात्रा के मंदिर पहुंचने पर पुनः भगवान का अभिषेक किया गया तथा माल पहनाने का सौभाग्य खान्दू कॉलोनी, बांसवाड़ा के गुंजन जैन को प्राप्त हुआ। इसके उपरांत अशोक कुमार जैन पापड़ीवाल (विमल विला) द्वारा अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
रात्रि में सामूहिक आरती के पश्चात भक्तामर पाठ, रिद्धि-सिद्धि मंत्रों के जाप एवं दीप अर्चना के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष राकेश छाबड़ा सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, पुलक मंच की राष्ट्रीय महामंत्री बीना टोंग्या, महिला मंडल की रेखा झांझरी, अनिता बड़जात्या, महिला समूह मुनि वैयावृत्ति की प्रमिला शाह, भावना झांझरी, दिगंबर जैन महासमिति की मंजू सेवा वाले, युवा परिषद के दीपक जैन, राकेश पाटोदी, वरिष्ठ अधिवक्ता बिमल कुमार जैन, युवा विंग के प्रितेश छाबड़ा, प्रतीक सोगानी, सौरभ झांझरी, विकास समिति के सुरेश लुहाड़िया, विजय सोगानी, पारस जैन, अनिल टोंग्या सहित जैन पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन व संपूर्ण जैन समाज के महिला-पुरुष व बालक-बालिकाएं उपस्थित रहे।
सभी मांगलिक क्रियाएं विधानाचार्य पं. अजित शास्त्री द्वारा सम्पन्न कराई गईं। सभा का संचालन उपाध्यक्ष अरुण शाह ने किया तथा आभार एवं धन्यवाद मंदिर प्रबंध समिति के मंत्री राजेश बोहरा द्वारा व्यक्त किया गया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


