मुख्यमंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन में पेयजल समस्या से राहत के लिए पाइपलाइन योजना की उठी मांग
हलैना। किसान नेता एवं पूर्व जिला पार्षद इन्दल सिंह जाट ने वैर, भुसावर, हलैना और बयाना क्षेत्र में गहराते पेयजल संकट को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर बंध बारैठा से पाइपलाइन स्कीम मंजूर करने की मांग की है।
किसान नेता इन्दल सिंह जाट ने जिला कलक्टर कमर उर रहमान को दिए ज्ञापन में बताया कि वैर, भुसावर और हलैना तहसीलों के गांवों में पेयजल का गंभीर संकट बना हुआ है। लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं और कई स्थानों पर भूमिगत जल स्तर 500 फीट से लेकर 1000 फीट तक नीचे चला गया है। इसके बावजूद पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग मजबूरी में महंगे दामों पर पानी खरीदकर पीने को विवश हैं। ज्ञापन में बताया गया कि वैर, भुसावर, हलैना और बयाना क्षेत्र का अधिकांश भूभाग पहाड़ी, पथरीला और ऊबड़-खाबड़ है, जहां सिंचाई तो दूर, पेयजल की भी समुचित व्यवस्था नहीं हो पा रही है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इन क्षेत्रों में अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग की आबादी अधिक है तथा आर्थिक रूप से कमजोर किसान निजी खर्च से गहरे ट्यूबवेल लगाने में सक्षम नहीं हैं।
इन्दल सिंह जाट ने मुख्यमंत्री से मांग की कि बंध बारैठा से पाइपलाइन स्कीम स्वीकृत कर क्षेत्रवासियों को शुद्ध एवं मीठा पेयजल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार द्वारा बंध बारैठा को पांचना बांध से जोड़ने की पाइपलाइन योजना मंजूर की गई थी, जिससे अब बंध बारैठा में पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पत्रकार थान सिंह सिनसिनवार भी मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


