रविवार से शुरू होगा नवरात्र महोत्सव, प्रतिदिन हवन-पूजन और शाम को महाआरती के बाद गरबा नृत्य; श्रद्धालुओं के लिए सेवादारों ने की विशेष व्यवस्थाएं
भीलवाड़ा। मेवाड़ की धर्मनगरी भीलवाड़ा स्थित श्री बाबाधाम शक्तिपीठ पर शारदीय नवरात्र महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मां अन्नपूर्णा के इस शक्तिपीठ को रंग-बिरंगी रोशनी, झंडियों, चुनरी, फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया है। मंदिर परिसर में यज्ञशाला को भी सुसज्जित किया गया है। श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने के लिए श्री बाबाधाम परिवार के सेवादारों ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं।
रविवार को घटस्थापना और हवन-पूजन
श्री बाबाधाम की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, रविवार 11 अक्टूबर को सुबह 10:15 बजे आचार्य गोविन्द गौतम और अन्य पंडितों के मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से हवन-पूजन और घटस्थापना की जाएगी। नवरात्र महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 7:15 बजे आरती होगी। इसके बाद सुबह 9:15 बजे मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन और आहुतियां दी जाएंगी। रविवार को श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सेवादारों की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी, ताकि भक्तों को दर्शन के दौरान परेशानी न हो।
शाम 7:15 बजे महाआरती, फिर होगा गरबा
नवरात्र महोत्सव में प्रतिदिन शाम 7:15 बजे विशेष महाआरती आयोजित होगी। इस दौरान मां का अलग-अलग स्वरूपों में विशेष शृंगार किया जाएगा। आरती के बाद मंदिर परिसर में बने गरबा पांडाल में गरबा नृत्य होगा। आयोजन में शामिल होने के लिए धर्मप्रेमियों को आमंत्रित किया गया है।
श्रद्धालुओं के लिए होंगी विशेष धार्मिक व्यवस्थाएं
आयोजन के दौरान आरती के बाद मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, भक्तों के लिए मेहंदी, संतान प्राप्ति की कामना से दंपतियों की गोद भराई की परंपरा तथा तलवार का झाड़ा लगाने जैसी धार्मिक गतिविधियां भी होंगी।
श्री बाबाधाम में मिलने वाली चुटकी यानी भभूत और अखंड ज्योत के घी को लेकर भी श्रद्धालुओं में आस्था है। मंदिर की ओर से बताया गया कि नवरात्र के दौरान मां अन्नपूर्णा वैष्णो देवी की ज्योत से संबंधित घी श्रद्धालुओं को दिया जाएगा।
श्री बाबाधाम परिवार ने श्रद्धालुओं से नवरात्र महोत्सव में शामिल होकर मां की आराधना, विशेष महाआरती और गरबा नृत्य में सहभागिता करने का आह्वान किया है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


