भीलवाड़ा, ।संगम उद्योग समूह द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में चलाए गए निःशुल्क पौधा एवं ट्री गार्ड वितरण अभियान का समापन समारोह आज भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। समारोह में सोलर इंडस्ट्रीज लिमिटेड के निदेशक कैलाशचंद्र नुवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने संगम समूह की इस मुहिम की सराहना करते हुए इसे “पर्यावरणीय दायित्व के साथ-साथ राष्ट्र सेवा का प्रतीक” बताया।
नुवाल ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि भावनात्मक, सामाजिक और राष्ट्रीय जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “सिर्फ पौधा लगाना काफी नहीं है, उसे पेड़ बनने तक संजोकर रखना ही सच्चा पर्यावरण संरक्षण है। आज के दौर में पर्यावरण की रक्षा सबसे बड़ा कर्तव्य है और संगम समूह इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।”
86500 पौधे और 4250 ट्री गार्ड का हुआ वितरण
अभियान प्रभारी बाबूलाल जाजू ने बताया कि इस अभियान के तहत आमजन, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों को कुल 86,500 पौधे और 4,250 ट्री गार्ड नि:शुल्क वितरित किए गए। उन्होंने यह भी बताया कि यह वितरण केवल संख्यात्मक उपलब्धि नहीं बल्कि हरियाली की ओर एक ठोस प्रयास है।
समारोह में रेणु चोरड़िया, अंजू जोशी, कुंदन शर्मा, अभिषेक कोठारी, भाग्यश्री जैन सहित अनेक पर्यावरणप्रेमियों को प्रतीकात्मक रूप से पौधे वितरित किए गए।
ट्री गार्ड वितरण भी जारी रहेगा
ट्री गार्ड वितरण के प्रभारी हिम्मत पारीक एवं मुकेश अजमेरा ने बताया कि जिन लोगों ने पहले से आवेदन कर रखा है, उन्हें फोन के माध्यम से सूचित कर ट्री गार्ड और पौधे उपलब्ध करवाए जाते रहेंगे। यह व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है कि हर पौधा सुरक्षित रहे और पूर्ण रूप से विकसित हो।
इस अभियान में विद्यासागर सुराणा, गुमानसिंह पीपाड़ा, जमनालाल जोशी, सत्यनारायण व्यास और परमेन्द्र सिंह सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने अहम योगदान दिया।
संगम समूह ने जताया शहरवासियों का आभार
संगम समूह के अध्यक्ष रामपाल सोनी ने भीलवाड़ा के नागरिकों, संस्थाओं, प्रशासनिक अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों का धन्यवाद व्यक्त किया और अभियान की सफलता का श्रेय जनभागीदारी को दिया। उन्होंने कहा कि “भीलवाड़ा की जनता ने पर्यावरण के प्रति जो जागरूकता दिखाई है, वह पूरे प्रदेश के लिए एक उदाहरण है।”
समूह के वाइस चेयरमैन एस.एन. मोदानी एवं प्रबंध निदेशक अनुराग सोनी ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे वितरित पौधों की नियमित देखभाल करें ताकि यह अभियान केवल प्रतीकात्मक ना रह जाए, बल्कि स्थायी हरियाली में परिवर्तित हो।
हरियाली के साथ सामाजिक चेतना का संदेश
यह अभियान न केवल भीलवाड़ा को हरा-भरा बनाने की दिशा में एक सशक्त प्रयास है, बल्कि इससे सामाजिक चेतना और सहभागिता का भी संदेश प्रसारित हुआ है। संगम समूह की यह पहल आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक प्रेरणास्रोत बनकर उभरेगी।