आचार्य पुलकसागर महाराज के सानिध्य में 9 नवंबर को आयोजन, 24 पुण्यार्जक परिवार भी चढ़ाएंगे पांच-पांच किलो के लाडू
भीलवाड़ा। भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक महोत्सव पर भीलवाड़ा में पहली बार भव्य पावापुरी की रचना की जाएगी। 9 नवंबर को राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पुलकसागरजी महाराज ससंघ के सानिध्य में आयोजित होने वाले इस विशेष आयोजन में 24 किलो का मुख्य निर्वाण लाडू चढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही 24 पुण्यार्जक परिवारों की ओर से पांच-पांच किलो के निर्वाण लाडू भी अर्पित किए जाएंगे। शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल में सुबह 8 से 10 बजे तक होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मध्यप्रदेश से आए कलाकार पिछले तीन-चार दिनों से पावापुरी की भव्य रचना तैयार करने में जुटे हैं।
भगवान महावीर का पूजन और निर्वाण लाडू अर्पण
श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने बताया कि निर्वाण कल्याणक महोत्सव के तहत सुबह 8 बजे भगवान महावीर स्वामी का पूजन किया जाएगा। इसके बाद निर्वाण कांड पाठ के साथ निर्वाण लाडू अर्पित किए जाएंगे। पहली बार भीलवाड़ा में तैयार हो रही पावापुरी की रचना इस आयोजन का विशेष आकर्षण रहेगी।
धनतेरस से अमावस्या तक होगा मंत्र जाप अनुष्ठान
चातुर्मास समिति के अनुसार, आचार्य पुलकसागर महाराज के सानिध्य में 6 से 8 नवंबर तक धनतेरस से अमावस्या के अवसर पर मध्यरात्रि में मंत्र जाप अनुष्ठान आयोजित होगा। इसमें श्रावक लाल रंग की धोती-दुपट्टा धारण कर मंगल कलश के समक्ष बैठकर मंत्र जाप और आराधना करेंगे।
अनुष्ठान के बाद चातुर्मास के मंगल कलश उन्हें स्थापित कराने वाले पुण्यार्जक परिवारों को आचार्यश्री के आशीर्वाद के साथ प्रदान किए जाएंगे। ये परिवार कलश अपने घरों में स्थापित कर सकेंगे।
15 नवंबर को पिच्छी परिवर्तन के साथ चातुर्मास का समापन
आचार्य मनोज्ञाचार्य पुलकसागरजी महाराज ससंघ के भीलवाड़ा चातुर्मास का निष्ठापन 15 नवंबर को पिच्छी परिवर्तन के साथ होगा। इसके बाद आचार्यश्री भीलवाड़ा का चातुर्मास पूर्ण कर जहाजपुर की दिशा में मंगल विहार करेंगे। आयोजन समिति के अनुसार, आगे उनका विहार जहाजपुर होते हुए श्रीमहावीरजी और आगरा की ओर प्रस्तावित है।
भगवान महावीर निर्वाण कल्याणक और चातुर्मास के समापन से जुड़े इन आयोजनों को लेकर जैन समाज में उत्साह है। समिति की ओर से महोत्सव में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


