सड़क हादसे में डिवाइडर से टकराया ई-रिक्शा चालक का सिर, राजीव गांधी अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
अलवर। शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में मयूर होटल के पास देर शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। हादसे में चालक सड़क पर गिर गया और उसका सिर डिवाइडर से टकरा गया। गंभीर हालत में उसे राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार हादसा शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि एक चार पहिया वाहन ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से चालक सड़क पर गिर पड़ा और उसका सिर डिवाइडर से जा टकराया। उसे गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बेलदारी का काम करता था मृतक
मृतक की पहचान मनोज कुमार (28) पुत्र लीलाराम, निवासी गणेश गुवाड़ी, अलवर के रूप में हुई है। बताया गया कि मनोज बेलदारी का काम करता था और ई-रिक्शा चलाने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गया। मनोज अविवाहित था।
पुलिस जुटा रही हादसे की जानकारी
घटना की सूचना मिलने पर अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। फिलहाल अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क



