अलवर में शिक्षक संघ का प्रदर्शन, विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन से की कार्रवाई की मांग
अलवर। राजस्थान महिला शिक्षक संघ (सावित्रीबाई फुले) के बैनर तले शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। मुख्यमंत्री के नाम यह ज्ञापन जिलाधीश कार्यालय में एडीएम सिटी बीना माहवर को सौंपा गया, जिसमें महिला शिक्षिकाओं और शिक्षकों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
संघ की प्रदेशाध्यक्ष सरिता भारत ने बताया कि पिछले कई दिनों से आरजीएचएस (RGHS) स्कीम के तहत मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाएं बंद पड़ी हैं, जिससे शिक्षकों और उनके परिवारों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि आरजीएचएस योजना को तत्काल प्रभाव से पुनः सुचारु रूप से शुरू किया जाए, ताकि शिक्षकों को समय पर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
प्रदेश सचिव इंदुबाला ने कहा कि महिला शिक्षिकाओं पर विद्यालयी कार्यों के साथ-साथ घरेलू जिम्मेदारियों का भी अतिरिक्त भार रहता है। ऐसे में छुट्टियों के दौरान उन्हें हर प्रकार के गैर-शैक्षणिक कार्यों से राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान जनगणना और बीएलओ जैसे कार्यों से मुक्त रखा जाए।
ज्ञापन में शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्ति देने, ऑनलाइन कार्यों की अधिकता से राहत प्रदान करने, महिला शिक्षिकाओं के लिए मेनोपॉज लीव लागू करने तथा तृतीय श्रेणी अध्यापकों के स्थानांतरण किए जाने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके अलावा ग्रीष्मकालीन अवकाश को पूर्व की भांति यथावत बनाए रखने की मांग भी की गई।
संघ की ओर से प्रदेशाध्यक्ष सरिता भारत, प्रदेश सचिव इंदुबाला, अति सहायक अधिकारी सीमा शर्मा, कांता शर्मा, विमला, मनीषा, रामस्वरूप भगवान शर्मा, वीरेंद्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं से अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


