वसूली और धमकी से बढ़ा विवाद, तीन महीने से दबाव बनाने का पीड़ित ने लगाया आरोप
अलवर। शहर में मानवाधिकार संगठन का नाम लेकर कथित रूप से अवैध वसूली और धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने टेले संचालकों को डराकर रुपए मांगने के आरोप में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और टेले संचालकों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। पीड़ित रमेश चंद ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि पिछले करीब तीन महीनों से बालमुकुंद नाम का व्यक्ति उन्हें लगातार परेशान कर रहा था।
पीड़ित के अनुसार आरोपी खुद को मानवाधिकार संगठन से जुड़ा बताकर कार्रवाई करवाने की धमकी देता था और रुपए मांगता था। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी बार-बार यह कहकर दबाव बनाता था कि उसकी शिकायत “दिल्ली तक पहुंच चुकी है” और यदि पैसे नहीं दिए तो बड़ा केस बनवा देगा।
रमेश चंद ने आरोप लगाया कि आरोपी कई बार फोन पर और सार्वजनिक स्थानों पर गाली-गलौज कर मानसिक दबाव बनाता था। गुरुवार को भी आरोपी ने कथित रूप से अभद्र व्यवहार करते हुए पैसों की मांग की और धमकियां दीं।
लगातार दबाव से परेशान होकर पीड़ित सीधे कोतवाली थाना पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराया। पीड़ित ने बताया कि आरोपी बालमुकुंद जे-1/12 शालीमार क्षेत्र का रहने वाला है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कोतवाली थाना पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


