दुब्बी भजेडा मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना, बोले— धार्मिक महोत्सव हमारी सनातन परंपरा की पहचान
अलवर। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री तथा अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने रविवार को राजगढ़ क्षेत्र के दुब्बी भजेडा स्थित मीन भगवान मंदिर में आयोजित 16वें मीन भगवान महोत्सव में शिरकत की। उन्होंने मीन भगवान की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने गंगा दशहरा एवं मीन भगवान महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धार्मिक महोत्सव भारतीय सनातन परंपरा के अभिन्न अंग हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अलवर संसदीय क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए सड़क, रेल, शिक्षा, चिकित्सा और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अलवर में पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए सरिस्का क्षेत्र में भर्तृहरि, पांडुपोल, भानगढ़ और कांकवाड़ी को जोड़कर पर्यटन विकास योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि राजगढ़ क्षेत्र में बिना भेदभाव विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि डेरा सफरवाड़ी से जामडोली सड़क निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये, पाली से परबैणी तक सड़क निर्माण के लिए डेढ़ करोड़ रुपये तथा अम्बेडकर नगर से परबैणी तक सड़क निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा 21 छोटी सड़कों के निर्माण कार्य भी जल्द पूरे किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अमृत जल 2.0 योजना के तहत लक्ष्मणगढ़ शहर में 20 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से जलापूर्ति एवं सीवरेज कार्य कराए जा रहे हैं। वहीं राजगढ़ क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुधार के लिए 63 लाख रुपये और 3 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं को स्वीकृति दी गई है।
रेलवे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गोविंदगढ़, राजगढ़ और खैरथल रेलवे स्टेशनों का नवीनीकरण कराया गया है तथा 111 करोड़ रुपये की लागत से अलवर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य का शिलान्यास किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि संसदीय क्षेत्र में 133 ई-लाइब्रेरी बनाई गई हैं और शिक्षा क्षेत्र में और भी विकास कार्य किए जाएंगे। साथ ही ईआरसीपी योजना और यमुना जल समझौते के माध्यम से जिले की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।
कार्यक्रम में सरस डेयरी के पूर्व चेयरमैन बन्नाराम मीणा ने खेल अकादमी, अस्पताल क्रमोन्नयन और अन्य मांगों को केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा, जिस पर उन्होंने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, महासिंह चौधरी, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, महंत रामचरण दास, प्रशासक सीमा मीणा, मंदिर कमेटी अध्यक्ष रामकृपाल मीणा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


