जटियाना गांव में 15 साल से रह रहे थे मुंशी खान, ग्रामीणों के घर खाते थे खाना और उन्हीं के बीच गुजारते थे जिंदगी
अलवर। शहर के सदर थाना क्षेत्र के जटियाना गांव में शनिवार सुबह 65 वर्षीय मुंशी खान उर्फ मुंशी बाबा का अचानक तबीयत बिगड़ने से निधन हो गया। सुबह खून की उल्टियां होने पर ग्रामीण उन्हें आनन-फानन में अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
मुंशी खान मूल रूप से चौमूं के रहने वाले बताए जा रहे हैं। करीब 15 साल पहले वे ज्योति गैस एजेंसी में गाड़ी चलाने का काम करते थे। इसी दौरान हुए एक हादसे में उनके एक हाथ की तीन उंगलियां कट गई थीं। हादसे के बाद उन्होंने जटियाना गांव में रहना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे गांव के लोगों के साथ उनका ऐसा जुड़ाव हुआ कि वे इसी गांव के होकर रह गए।
ग्रामीणों ने दिया मुंशी बाबा नाम, मिला परिवार जैसा अपनापन
जटियाना गांव में रहते हुए मुंशी खान की ग्रामीणों से अच्छी आत्मीयता हो गई थी। गांव के लोग उन्हें प्यार से मुंशी बाबा कहकर बुलाने लगे। उनका गांव में अपना कोई मकान नहीं था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कभी अकेलेपन का एहसास नहीं हुआ।
ग्रामीणों के मुताबिक, मुंशी खान गांव के अलग-अलग लोगों के घर खाना खाते थे और कई बार वहीं रात भी गुजारते थे। गांव के लोगों ने उन्हें अपने परिवार के सदस्य की तरह अपनाया हुआ था। ग्रामीणों के बीच उनका उठना-बैठना और मेलजोल था।
अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम
शनिवार सुबह मुंशी खान की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें खून की उल्टियां होने लगीं। यह देखकर ग्रामीण उन्हें तुरंत अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया और मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मुंशी खान के निधन से जटियाना गांव में उन लोगों के बीच शोक का माहौल है, जिनके साथ उन्होंने अपनी जिंदगी के करीब 15 साल बिताए। गांव में उनका कोई अपना घर नहीं था, लेकिन ग्रामीणों के बीच उन्हें जो अपनापन मिला, उसी ने उन्हें मुंशी बाबा के नाम से गांव का हिस्सा बना दिया था।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


