पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न, 82 केंद्रों पर डाले गए वोट; 20 नवंबर को होगी मतगणना
नौगांवा। पंचायती राज चुनाव के पहले चरण में मुबारिकपुर पंचायत समिति क्षेत्र में गुरुवार को मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। शाम को मतदान का समय पूरा होने के साथ ही पोलिंग बूथों के गेट बंद कर दिए गए। इसके बाद ईवीएम में प्रत्याशियों का भविष्य कैद हो गया। क्षेत्र में कुल 63.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

मतदान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। प्रशासन की निगरानी में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कराई गई। मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखवाया गया। अब प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को 20 नवंबर को होने वाली मतगणना का इंतजार है।
सुबह से लगी रहीं वोटरों की कतारें
मतदान को लेकर सुबह से ही केंद्रों पर मतदाताओं में उत्साह नजर आया। कई मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए मतदाताओं की कतारें लगी रहीं। पंचायती राज चुनाव के पहले चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान कराया गया।
मुबारिकपुर पंचायत समिति के 15 वार्डों और जिला परिषद के दो वार्डों के लिए मतदान हुआ। इसके लिए प्रशासन की ओर से कुल 82 मतदान केंद्र बनाए गए थे। मतदान संपन्न होने के बाद अब सभी की नजरें मतगणना पर टिकी हैं, जिससे प्रत्याशियों की जीत-हार की तस्वीर साफ होगी।
भारत सरकार लिखी गाड़ी की जब्त
नौगांवा थाना पुलिस ने चुनाव के दौरान एक वाहन को जब्त किया। जब्त वाहन पर भारत सरकार लिखा था और उसका उपयोग सरपंच प्रत्याशी के प्रचार में किया जा रहा था।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

