26 साल की एमएससी एग्रीकल्चर सकुनत कांग्रेस टिकट पर निर्विरोध चुनी गईं, सामने नहीं आया एक भी नामांकन।
किशनगढ़ बास। पंचायत समिति किशनगढ़ बास की राजनीति में शुक्रवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सकुनत के सामने एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ और उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। इसके साथ ही किशनगढ़ बास पंचायत समिति के इतिहास में पहली बार एक मुस्लिम महिला प्रधान की कुर्सी पर बैठी है। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे मेवात में खुशी का माहौल है। निर्वाचन अधिकारी एसडीएम सत्यवीर सिंह यादव ने नामांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी सकुनत को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।
पंचायत समिति के 19 वार्डों में हुए चुनाव में कांग्रेस को 19 में से 10 वार्डों पर जीत हासिल हुई। भाजपा को 6, निर्दलीय दो और बसपा से एक प्रत्याशी को जीत मिली थी। स्पष्ट बहुमत होने पर प्रधान चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के सामने किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। कांग्रेस का बहुमत साफ था, इसलिए विपक्ष ने पर्चा ही नहीं भरा और सकुनत निर्विरोध प्रधान बन गईं। सकुनत पंचायत समिति के वार्ड 14 से सदस्य का चुनाव जीती हैं।
26 वर्षीय सकुनत बीएससी, एमएससी एग्रीकल्चर से हैं। पढ़ी-लिखी, युवा और खेती-किसानी को समझने वाली प्रधान के रूप में क्षेत्र को उनसे काफी उम्मीदें हैं। सकुनत के पिता जमशेद दो बार क्षेत्र से सरपंच रहे हैं। पिता की सियासी विरासत और जनता के बीच पकड़ को सकुनत ने आगे बढ़ाया है। परिवार में सियासत नई नहीं है, लेकिन प्रधान की कुर्सी पर बैठना परिवार के लिए भी बड़ी उपलब्धि है।
प्रधान पद पर निर्वाचित होने के बाद सकुनत सहित परिवारजनों एवं समर्थकों ने विधायक कार्यालय पर विधायक दीपचंद खेरिया व कांग्रेस पार्टी का आभार व्यक्त किया। इसके बाद विधायक दीपचंद खेरिया के साथ अलवर फूल बाग पहुंचकर जितेंद्र सिंह का गुलदस्ता भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।
सकुनत के निर्विरोध प्रधान बनने की खबर फैलते ही समर्थकों में उत्साह छा गया। लोगों ने कहा कि युवा और शिक्षित प्रधान के आने से पंचायत समिति में विकास को नई गति मिलेगी। खासकर महिलाओं और युवाओं में इस जीत को लेकर खास उत्साह देखा गया।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पहली बार मुस्लिम महिला प्रधान बनने से मेवात की बेटियों को भी आगे आने की प्रेरणा मिलेगी। अब सकुनत के सामने पंचायत समिति के 19 वार्डों में विकास कार्यों को गति देना, पानी, सड़क, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर काम करना बड़ी चुनौती होगी। समर्थकों को उम्मीद है कि युवा प्रधान अपने पिता के अनुभव और अपनी शिक्षा के दम पर इस कसौटी पर खरी उतरेंगी।


