गायत्री नगर जैन मंदिर में मोक्ष कल्याणक के अवसर पर निर्वाण लाडू, अभिषेक और सामूहिक आरती का आयोजन
जयपुर। गायत्री नगर स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में 13वें तीर्थंकर भगवान विमलनाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। श्री दिगंबर जैन मंदिर प्रबंध समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान के निर्वाण कल्याणक का पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6:15 बजे भगवान के प्रथम अभिषेक एवं शांतिधारा से हुआ। इस अवसर पर सौधर्म इंद्र बनने का सौभाग्य अशोक-मनीष बड़जात्या परिवार को प्राप्त हुआ। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद भगवान विमलनाथ के मोक्ष कल्याणक पर सौधर्म इंद्र परिवार द्वारा सामूहिक रूप से निर्वाण लाडू अर्पित किया गया।
मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह ने बताया कि गायत्री नगर जैन मंदिर में प्रत्येक तीर्थंकर के मोक्ष कल्याणक को पारंपरिक श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाने की परंपरा है। उसी क्रम में भगवान विमलनाथ के निर्वाण महोत्सव का आयोजन भी भव्य रूप से किया गया।
सामूहिक आरती और विधानाचार्य का सम्मान
अखिल भारतीय श्री जैन रत्न युवक परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि निर्वाण लाडू अर्पण के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक आरती कर भगवान विमलनाथ के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
कार्यक्रम की सभी धार्मिक एवं मांगलिक क्रियाएं विधानाचार्य पंडित अजीत जी शास्त्री के सान्निध्य में संपन्न हुईं। इस अवसर पर उनके जन्मदिवस पर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से तिलक, माला, दुपट्टा एवं पगड़ी पहनाकर सम्मान एवं अभिनंदन किया गया।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे उपस्थित
मोक्ष कल्याणक समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता विमल जैन, पूर्व अध्यक्ष कैलाश छाबड़ा, मंत्री राजेश बोहरा, संयुक्त मंत्री संजय ठोलिया, कोषाध्यक्ष राकेश छाबड़ा, सारसमल झांझरी, राकेश पाटोदी, बसंत बाकलीवाल, संतोष गंगवाल, दीपेश छावड़ा, संतोष वांसकोवाले, अशोक रावका, अशोक मालपुरावाले सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


