शिक्षा और अधिकारों की लड़ाई में बाबा साहेब के संघर्षों से प्रेरणा लेने का युवाओं को संदेश
जयपुर। टोंक रोड स्थित पिंजरापोल गौशाला के सुरभि सदन में रविवार को अखिल भारतीय बैरवा महासभा की यूथ एवं महिला कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से शिक्षा, संवैधानिक अधिकारों और प्रगतिशील सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
दलित अत्याचारों को लेकर सरकार पर साधा निशाना
समारोह को संबोधित करते हुए टीकाराम जूली ने प्रदेश सरकार की नीतियों और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में दलित समाज के लोगों के साथ अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक संरक्षण मिलने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई मामलों में थानों में पीड़ितों की शिकायतें दर्ज नहीं की जा रही हैं और न्याय की मांग करने वालों को ही परेशान किया जा रहा है।
शिक्षा और छात्रवृत्ति के मुद्दे उठाए
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकारी नौकरियों में बैकलॉग के पदों को नहीं भरा जा रहा है। इसके अलावा छात्रवृत्ति और छात्रावासों के बजट में कटौती से दलित विद्यार्थियों के भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है और समाज को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं को शिक्षित और जागरूक बनाना बेहद जरूरी है।
बाबा साहेब के संघर्षों को किया याद
टीकाराम जूली ने अपने संबोधन में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन संघर्षों का उल्लेख करते हुए युवाओं से उनसे प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद बाबा साहेब ने शिक्षा के बल पर समाज में नई चेतना का संचार किया।
उन्होंने अपनी अमेरिका यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्हें उस विश्वविद्यालय को देखने का अवसर मिला, जहां बाबा साहेब ने अध्ययन किया था। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प, शिक्षा और कड़ी मेहनत के बल पर हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


