जमीन की डोल पर संघर्ष बढ़ा, लाठी-डंडों की मारपीट में दो गंभीर जिला अस्पताल रेफर
राजगढ़। अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के ईशवाना गांव में जमीन की डोल को लेकर दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें महिलाओं समेत 4 से 5 लोग घायल हो गए।

घायलों में से दो लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पीड़ित पक्ष की हेमा देवी ने आरोप लगाते हुए बताया कि गांव के ही बादल, संजू, सचिन, आशु, बोली, पूजा और विमल सहित अन्य लोगों ने जमीन की डोल को लेकर उनके परिवार पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि यह विवाद करीब 15 वर्षों से चला आ रहा है और दोनों परिवार आपस में रिश्तेदार हैं।
घटना के दौरान जमकर मारपीट हुई, जिसका एक वीडियो भी सामने आया है। मारपीट में प्रेम, रीना और लालजीराम सहित अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार राजगढ़ अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पीड़ित पक्ष ने राजगढ़ थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है तथा वायरल वीडियो की भी जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

