सफाई कर्मचारियों का मांगों को लेकर प्रदर्शन तेज, नगरपालिका के खिलाफ नारेबाजी कर जताया विरोध
राजगढ़। वाल्मीकि सेना के नेतृत्व में नगरपालिका राजगढ़ के ठेका सफाई कर्मचारियों का आठ सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन आंदोलन बुधवार को नौवें दिन भी जारी रहा। सफाई कार्मिकों ने कार्य का बहिष्कार करते हुए कस्बे के प्रमुख मार्गों पर रैली निकालकर नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी सफाई कर्मचारी हाथों में झाड़ू लेकर गोल सर्किल से रैली के रूप में निकले, जो सराय बाजार, मेला चौराहा होते हुए पंचायत समिति कार्यालय तक पहुंची। इसके बाद कर्मचारियों ने तहसील परिसर के सामने बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे रमन निदानिया एवं सीमा देवी ने बताया कि नगरपालिका राजगढ़ के ठेका सफाई कर्मचारियों को समय पर नियमित भुगतान नहीं किया जा रहा है। साथ ही उन्हें न्यूनतम मजदूरी का लाभ भी नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले एक वर्ष से कर्मचारियों को ईपीएफ और ईएसआईसी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।
सफाई कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें साप्ताहिक अवकाश भी नहीं दिया जा रहा, जबकि सवैतनिक साप्ताहिक अवकाश उनका कानूनी अधिकार है। कर्मचारियों ने मांग की कि नगरपालिका में कार्यरत गैर-वाल्मीकि सफाई कर्मचारियों को उनके मूल कार्य पर लगाया जाए तथा ठेका प्रथा समाप्त कर सभी सफाई कर्मचारियों को संविदा पर नियुक्त किया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के नवीन आदेश के अनुसार अकुशल श्रमिकों को प्रतिदिन 783 रुपये मजदूरी दिए जाने की मांग भी उठाई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।
आंदोलन के चलते सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। नगर के विभिन्न गली-मोहल्लों में कूड़े-कचरे के ढेर लग गए हैं तथा नालियां कीचड़ से अटी पड़ी हैं। इससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी बढ़ने लगी हैं।
बुधवार को हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष सफाई ठेका कार्मिक मौजूद रहे। कर्मचारियों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


