नीट परीक्षा धांधली के खिलाफ प्रदर्शन: युवा बोले- मेहनत का हक छीना तो सड़कों पर जारी रहेगा विरोध
अलवर। राजर्षि महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर शुक्रवार को नीट परीक्षा में कथित धांधली को लेकर छात्र नेताओं के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र नेता अभिषेक जायसवाल और अमन जोशी ने किया। प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में धांधली से लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं। छात्रों ने मांग की कि पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष विशेष जांच कराई जाए ताकि मेहनत करने वाले परीक्षार्थियों के साथ अन्याय न हो।
छात्र नेता अमन जोशी ने कहा कि युवा वर्ग चाहता है कि आने वाली पीढ़ी के मन में यह भय न रहे कि मेहनत से ज्यादा महत्व पेपर खरीदने वालों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता नहीं रही तो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होगा और शिक्षा व्यवस्था पर से विश्वास उठ जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कहा कि आज का युवा पूरी तरह जागरूक है और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना जानता है। उन्होंने सरकार और प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि युवाओं की आवाज को नजरअंदाज किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन में नीतेश, हैदर, राहुल, अरुण सहित कई छात्र मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने नारेबाजी कर नीट परीक्षा प्रणाली में सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


