राज्य स्तरीय कार्यक्रम का जिला स्तर व 10 छात्रावासों में किया गया लाइव प्रसारण
अलवर। राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में सोमवार को राजस्थानी जनजाति गौरव दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम जिला स्तर पर वीसी कक्ष सहित जिले के 10 छात्रावासों में लाइव प्रसारित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं एवं संबंधित अधिकारियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संबोधन को गंभीरता से सुना।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय समाज अपनी समृद्ध परंपराओं, विशिष्ट संस्कृति और प्रकृति के साथ गहरे संबंध के लिए जाना जाता है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के समग्र उत्थान के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि छात्रावासों में मैस भत्ता ₹2,500 से बढ़ाकर ₹3,250 प्रति माह किया गया है। साथ ही खेल अकादमियों में भी मैस भत्ते में बढ़ोतरी की गई है। कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले जनजातीय विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि देने की योजना लागू की गई है। इसके अतिरिक्त सीए एवं सीएस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले जनजातीय विद्यार्थियों की प्रोत्साहन राशि में भी वृद्धि की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 244 नए मां-बाड़ी केंद्र स्थापित किए गए हैं तथा जनजातीय किसानों को मुफ्त संकर मक्का बीज एवं मिनीकिट वितरित किए गए हैं। साथ ही प्रदेश के 8 जिलों में 530 वन धन विकास केंद्रों के माध्यम से डेढ़ लाख से अधिक महिलाओं को लाभान्वित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान जिला स्तर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, छात्रावासों के कार्मिक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


