पर्यटन प्रगति के साथ डिजिटल उड़ान, 3 करोड़ पर्यटकों तक पहुंचा OBMS
जयपुर। राजस्थान अपनी ऐतिहासिक धरोहर, सांस्कृतिक वैभव और भौगोलिक विविधता के साथ अब डिजिटल क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ई-गवर्नेंस और डिजिटल नवाचार को बढ़ावा दे रही है। इसी दिशा में सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा विकसित ऑनलाइन बुकिंग मैनेजमेंट सिस्टम (OBMS) देश का पहला और एकमात्र सरकारी मल्टी-साइट ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म बनकर उभरा है।
राजस्थान में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एकीकृत डिजिटल पोर्टल और मोबाइल एप्लिकेशन विकसित किए गए हैं, जिनके माध्यम से राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों, स्मारकों, संग्रहालयों, वन्यजीव अभयारण्यों, बायोलॉजिकल पार्क, सफारी, बोटिंग, कैफेटेरिया और होटलों की ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
रिकॉर्ड उपलब्धि, पर्यटन प्रगति में एक दिन में 1 लाख बुकिंग
OBMS को देश-विदेश के पर्यटकों का व्यापक समर्थन मिला है। 28 दिसंबर 2025 को एक दिन में करीब 1 लाख टिकट बुकिंग का रिकॉर्ड दर्ज किया गया। अब तक लगभग 90 लाख बुकिंग्स के जरिए 3 करोड़ से अधिक पर्यटकों को सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं। इसमें 70 से अधिक देशों के विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं।
इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभिन्न विभागों को 30 करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त राजस्व भी प्राप्त हुआ है। OBMS को वर्ष 2025 में स्कॉच अवॉर्ड में सिल्वर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
100 से अधिक स्थल जुड़े, पर्यटन प्रगति का बढ़ता दायरा
पर्यटकों को एक ही प्लेटफॉर्म पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अब तक 100 से अधिक पर्यटन स्थलों को OBMS से जोड़ा जा चुका है। इनमें आमेर किला, जंतर-मंतर, हवा महल, अल्बर्ट हॉल संग्रहालय, सरिस्का टाइगर रिजर्व, झालाना लेपर्ड सफारी, नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क सहित कई प्रमुख स्थल शामिल हैं।
इसके अलावा राजस्थान पर्यटन विकास निगम, जयपुर विकास प्राधिकरण, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और जवाहर कला केंद्र के विभिन्न स्थलों को भी इस प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है।
वन स्टॉप सुविधा, पर्यटन प्रगति में डिजिटल अनुभव बेहतर
OBMS पोर्टल क्यूआर-आधारित ई-टिकटिंग, कैशलेस और पेपरलेस सुविधा प्रदान करता है। इसमें राजस्थान और जयपुर पैकेज, ऑडियो गाइड, डिजिटल बोर्डिंग पास, एडवांस चेक-इन, ऑनलाइन भुगतान, कैंसलेशन और रिफंड जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही स्मार्ट सर्च, इंटरएक्टिव मैप, रियल-टाइम डैशबोर्ड और फीडबैक सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं पर्यटकों के अनुभव को और बेहतर बनाती हैं।
राज्य सरकार अब इस पोर्टल का दायरा और बढ़ाने की तैयारी में है। जल्द ही आरटीडीसी होटलों की ऑनलाइन बुकिंग और जवाहर कला केंद्र के कार्यक्रमों की टिकट सुविधा भी इसमें जोड़ी जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

