सीडीयू यूनिट की प्रगति की समीक्षा, रिफाइनरी से जल्द पेट्रोलियम उत्पादों की निकासी संभव
जयपुर। राजस्थान सरकार के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को राज्य सरकार, एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (एचआरआरएल) तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पचपदरा रिफाइनरी परियोजना की प्रगति और क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (सीडीयू) के पुनर्स्थापन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में एचपीसीएल के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि सीडीयू के पुनर्स्थापन कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि 1 जून 2026 से कमीशनिंग गतिविधियां प्रारंभ कर दी जाएंगी तथा आगामी कुछ सप्ताहों में रिफाइनरी से विभिन्न पेट्रोलियम उत्पादों की निकासी शुरू होने की संभावना है।
समीक्षा बैठक में यह भी बताया गया कि रिफाइनरी की अन्य प्रमुख इकाइयां — डीजल हाइड्रोटीटिंग यूनिट (डीएचडीटी), प्रोपलीन फ्लूड कैटेलिटिक क्रैकिंग यूनिट (पीएफसीसीयू), डिलेड कोकिंग यूनिट (डीसीयू) और मोटर स्पिरिट ब्लॉक (एमएस ब्लॉक) भी कमीशनिंग के उन्नत चरण में पहुंच चुकी हैं।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि रिफाइनरी में उत्पादन शुरू होने से प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही ऊर्जा क्षेत्र में राजस्थान की भूमिका और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने परियोजना से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
राजस्थान रिफाइनरी परियोजना को राज्य के औद्योगिक और आर्थिक विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। परियोजना के संचालन से रोजगार के नए अवसर सृजित होने के साथ पेट्रोलियम क्षेत्र में प्रदेश की भागीदारी भी बढ़ेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


