तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर ने बाइक को मारी भीषण टक्कर, 19 वर्षीय युवक की मौके पर मौत और चाचा गंभीर रूप से घायल
अलवर। सदर थाना क्षेत्र में राव होटल के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान घासोली निवासी 19 वर्षीय इरशाद पुत्र राशिद के रूप में हुई है। हादसे में घायल उसके चाचा अनीश का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार इरशाद अपने चाचा अनीश के साथ किसी निजी कार्य से चिकानी आया था। दोनों काम पूरा करने के बाद बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान राव होटल के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि इरशाद ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अनीश गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायल को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन की तेज रफ्तार सामने आया है। पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन के बारे में जानकारी जुटाने में लगी हुई है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


