मेजर ध्यानचंद की जयंती पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में विजेताओं को मेडल से किया सम्मानित
अलवर। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न खेल परिसरों में वॉलीबॉल, रस्साकशी, शूटिंग और हॉकी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत इंदिरा गांधी स्टेडियम में वॉलीबॉल, रस्साकशी और शूटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं केंद्रीय विद्यालय के हॉकी मैदान पर हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं के समापन के बाद विजेता टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ईएसआईसी के डिप्टी डायरेक्टर गजेंद्र सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ के सचिव पन्नालाल सैनी सहित अनेक खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रभारी शिवकुमार सैनी ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है, ताकि खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके और खेलों के प्रति युवाओं में रुचि बढ़े।
उन्होंने बताया कि हॉकी, वॉलीबॉल, शूटिंग और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ खेल भावना का भी विकास होता है। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है।
राष्ट्रीय खेल दिवस भारत के महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। उनके खेल योगदान और उपलब्धियों को याद करते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने खेलों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


