राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम‘ के 150 वर्ष पूर्ण के उपलक्ष्य में 7 नवंबर को इंदिरा गांधी स्टेडियम में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन
मिशनसच न्यूज, अलवर । राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम‘ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 7 नवम्बर को इंदिरा गांधी स्टेडियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें ‘वंदे मातरम‘ की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका और राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअली आमजन को संबोधित करेंगे।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि 7 नवम्बर को जिला स्तरीय कार्यक्रम प्रातः 8.40 बजे से इंदिरा स्टेडियम में आयोजित होगा। इस दौरान महापुरूषों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें महापुरूषों के योगदान के संबंध में आमजन को जानकारी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में तिरंगा वितरण, स्कूल बैंड प्रस्तुतियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वंदे मातरम गीत की अमरकथा का परिचय जैसे कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम में सभी सरकारी और गैर-सरकारी शिक्षण संस्थान, महाविद्यालय, मेडिकल, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड, पुलिस एवं आरएसी के जवान, सामाजिक संगठन और आमजन की भागीदारी रहेगी। विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षकों व आम नागरिकों द्वारा देशभक्ति के माहौल में ‘वंदे मातरम‘ गायन का ऐतिहासिक आयोजन किया जाएगा।
इससे पूर्व प्रातः 8ः30 बजे कम्पनी बाग स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रृद्धांजलि एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं प्रातः 8ः35 बजे प्रभात फेरी, रन अथवा बाइक रैली के माध्यम से ‘वंदे मातरम’ का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त विद्यालयों में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन, निबंध लेखन, चित्रकला, रंगोली आदि प्रतियोगिताएं, एनएसएस द्वारा स्वच्छता अभियान व रक्तदान शिविर, स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिजनों का सम्मान और थीम आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आयोजित की जाएंगी।
वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जिले में 15 नवम्बर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित
उन्होंने बताया कि सभी सरकारी कार्यालयों में 10 नवम्बर को ’वंदे मातरम @150’ कार्यक्रम एवं स्वदेशी संकल्प का आयोजन (नगरीय निकायों को छोडकर) किया जाएगा। इसी प्रकार 11 नवम्बर को नगर निकाय कार्यालयों में, 12 नवम्बर को पंचायती राज कार्यालयों, 13 नवम्बर को सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों, आवासीय विद्यालयों व छात्रावासों में, 14 नवम्बर को जिले की सभी राजकीय एवं निजी महाविद्यालयों तथा 15 नवम्बर को सभी अस्पतालों और पुलिस थानों में ’वंदे मातरम @150’ कार्यक्रम एवं स्वदेशी संकल्प आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 7 नवम्बर से 26 नवम्बर (संविधान दिवस) तक सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों और राजकीय एवं निजी महाविद्यालयों में वंदे मातरम का सामूहिक वाचन होगा।
———————————————————–

